अंबेडकरनगर जिला अस्पताल में सोमवार को भर्ती डायरिया पीड़ित मरीज।
- फोटो : अमर उजाला
लगातार बदलते मौसम के बीच सोमवार को डायरिया की चपेट में आकर तीन नए मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हुए। इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार अकबरपुर थाना अंतर्गत गदायां निवासी सुशीला (38) पत्नी जगराम को सोमवार सुबह उल्टी-दस्त शुरू होने के बीच परिवारीजन ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
वहीं, अलीगंज थाना अंतर्गत छज्जापुर मोहल्ला निवासिनी चंद्रावती (45) पत्नी गिरधारी को सोमवार सुबह उल्टी-दस्त होने लगा। परिवारीजन ने उसका पहले स्थानीय स्तर पर इलाज कराया लेकिन तबियत में सुधार न होने पर उसे सीएचसी टांडा में भर्ती कराया, जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया।
यहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, इब्राहिमपुर थाना अंतर्गत केदारनगर निवासी मुकेश (40) पुत्र नन्हें को सोमवार दोपहर से पहले डायरिया की चपेट में आने के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।