अंबेडकरनगर। जिले के अकबरपुर, कटका और हंसवर क्षेत्रों में हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दिल्ली से सेवानिवृत्त दूरसंचार कर्मी, खेत से लौट रहे किसान और एक छात्र शामिल हैं। हादसों के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
अकबरपुर के राहुलनगर कॉलोनी निवासी शिवमूरत (63) की बेटी रेनू वर्मा के मुताबिक उनके पिता भारतीय दूर संचार निगम लिमिटेड दिल्ली में काम करते थे। तीन वर्ष पूर्व सेवानिवृत्त हुए थे। 20 अक्तूबर को मौसी की बेटी की तबीयत खराब होने पर उन्हें बसखारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 21 अक्तूबर की शाम पिता बाइक से मां मेवावती को लेकर मौसी की बेटी को देखने गए हुए थे। रात नौ बजे के करीब अकबरपुर-बसखारी मार्ग के रास्ते वापस लौट रहे थे। जीएसटी कार्यालय के निकट अयोध्या जिले की तेज रफ्तार अनियंत्रित निजी बस ने सामने से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दंपती बाइक सहित उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। इससे मौके पर ही राममूरत की मौत हो गई। मेवावती के सिर में गंभीर चोटें लगने से उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया गया। हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया। मृतक राममूरत की तीन बेटियों में पूनम और सुषमा का विवाह हो चुका था। कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी घटना 19 अक्तूबर की रात कटका के सीताघाट मार्ग पर हुई। पिंडोरिया सीताघाट निवासी इंदल कुमार के मुताबिक 19 अक्तूबर को वह अपने पिता फूलचंद (55) के साथ नदौली स्थित खेत गए थे। धान की कटाई कर पिता-पुत्र साइकिल से रात आठ बजे के करीब वापस लौट रहे थे। सीताघाट मार्ग पर पप्पू सिंह के घर के पास गांव निवासी एक व्यक्ति ने बाइक में उनके फूलचंद की साइकिल में टक्कर मार दिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी सेमरा भियांव में चिकित्सकों ने फूलचंद को मृत घोषित कर दिया। पति की मौत की खबर सुन पत्नी अशर्फी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। चार बेटों में बड़ा बेटा कल्लू, इंद्रेश, इंदल मजदूरी करते हैं। छोटा बेटा विशाल पढ़ाई कर रहा है। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
तीसरी घटना हंसवर के रामपुर पोखरवा गांव के पास हुई। यहां एक ई-रिक्शा को ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में टांडा के मुबारकबाद टांडा निवासी शिवम (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसखारी भिजवाया गया। जहां उनकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-
बुझ गया इकलौता घर का चिराग-
मृतक शिवम के पिता संजय के मुताबिक उनके दो बेटों में बड़े बेटे शिवा की मौत पूर्व में जंगली जानवर के काटने से हो चुकी है। अब इकलौते बेटे शिवम की सड़क हादसे में मौत होने के बाद उनका इकलौता चिराग भी बुझ गया है।