अंबेडकरनगर जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती बुखार से पीड़ित महिला
- फोटो : अमर उजाला
स्वास्थ्य विभाग की तमाम कोशिशों के बाद भी जिले में संक्रामक रोगों का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को भी तेज बुखार की चपेट में आकर तीन और मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हुए। इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
गौरतलब है कि जिले में संक्रामक रोग तेजी से पांव पसार रहा है। डेंगू जैसी बीमारी की चपेट में आकर अब तक महरुआ थानाक्षेत्र में एक बालक व जलालपुर थानाक्षेत्र में दो की मौत हो चुकी है, जबकि अकबरपुर व टांडा तहसील क्षेत्रों में 5 से अधिक लोग इसकी चपेट में आकर अलग-अलग अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं।
इसके अलावा तेज बुखार का भी प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है। शायद ही कोई ऐसा दिन गुजरता हो, जब तेज बुखार की चपेट में आकर मरीज जिला अस्पताल में भर्ती न होते हों।
मंगलवार को भी तेज बुखार की चपेट में आकर तीन और मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हुए। जानकारी के अनुसार महरुआ थाना अन्तर्गत रामपट्टी गांव निवासिनी विद्यावती 16 पुत्री मुनीराम को मंगलवार भोर में तेज बुखार की चपेट में आने के बाद परिवारीजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
बसखारी थाना अंतर्गत मसड़ा मोहनपुर गांव निवासिनी कलावती 40 पत्नी सर्वजीत को सोमवार देर शाम तेज बुखार चढ़ गया। स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
आलापुर थाना अंतर्गत रामनगर निवासी जयचंद्र 21 पुत्र लल्लू को तेज बुखार के बाद पहले सीएचसी रामनगर फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर सीएमओ डॉ. जीआर चंद्रा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक दवाओं का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे अपने घर व इर्द-गिर्द के क्षेत्र में साफ सफाई रखें। जागरूकता से ही संक्रामक रोगों पर अंकुश पाया जा सकता है।