वैवाहिक आयोजन से घर लौटते हुए स्कूटी सवार दो न्यायिक कर्मचारियों की शनिवार रात एक वाहन की टक्कर से मौत हो गई। उधर रविवार दोपहर बाद एनटीपीसी जा रही तेज रफ्तार बेकाबू जीप एक पेड़ से टकरा गई। इससे वाहन चालक की मौत हो गई जबकि टक्कर के चलते टूटकर गिरी पेड़ की डाल की चपेट में आकर दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।
फैजाबाद जनपद के रौनाही थाना क्षेत्र अंतर्गत कांटा निवासी विमलेश्वर सिंह (50) पुत्र सांवली सिंह व कोशपुरी निवासी बंशीधर (55) पुत्र सतीराम शनिवार दोपहर एक ही स्कूटी से इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत इल्तिफातगंज में एक वैवाहिक कार्यक्रम में भाग लेने आए हुए थे। वे अंबेडकरनगर न्यायालय में बतौर कर्मचारी कार्यरत थे। रात्रि 10 बजे के बाद वे दोनों वापस घर जाने लगे।
बताया जाता है कि जब वे दोनों टांडा-मया मार्ग पर अलनपुर गांव के निकट पहुंचे तो सामने से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि उसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। तब तक विमलेश्वर की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी।
इस बीच पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल बंशीधर को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि दोनों इल्तिफातगंज में अपने एक साथी न्यायिक कर्मचारी के घर वैवाहिक आयोजन में भाग लेने आए हुए थे। मृतकों में विमलेश्वर ने हेलमेट लगा रखा था जबकि बंशीधर ने नहीं पहना था।
उधर, इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनटीपीसी के अवसानपुर कार्यालय से रविवार दोपहर महुवारी गांव निवासी शिवप्रकाश (45) पुत्र पतिराम जीप से खाना लेकर एनटीपीसी जा रहा था। बट्टूपुर गांव के निकट जीप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पेड़ की एक डाल टूटकर नीचे गिर पड़ी जबकि वाहन खाई में पलट गया।
इससे शिवप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि डाल की चपेट में आने से इल्तिफातगंज निवासी अमित (12) व चंदन (15) पुत्रगण रामशीष को भी चोटें आईं। आनन-फानन में सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने चालक शिवप्रकाश को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।