अंबेडकरनगर। कोतवाली क्षेत्र अकबरपुर के पुरानी तहसील तिराहे के पास बुधवार देर शाम पटाखा व्यावसायी के पुत्र व उसके दो साथियों की कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। आरोप है कि दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने सात अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले में छानबीन शुरू कर दी है।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के इंद्रलोक कॉलोनी निवासी पटाखा व्यावसायी अवधेश कसौधन के पुत्र नवनीत कसौधन ने दी तहरीर में कहा कि बुधवार रात लगभग साढ़े दस बजे बस स्टेशन क्षेत्र स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। पुरानी तहसील तिराहा के निकट स्थित दुर्गा मंदिर के निकट पहुंचे, तो इसी बीच ओवरटेक करते हुए एक लग्जरी वाहन आगे बढ़ा ओर कुछ दूर बढ़कर बाइक रोक ली।
आरोप लगाया कि वाहन से उतरे सात लोगों ने उससे अभद्रता की। जब इसका विरोध किया, तो मारपीट करने लगे। बीच बचाव करने के लिए आगे आए रजत व आर्यन को भी पीट दिया। इसके बाद दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की। इसके बाद वहां से भाग खड़े हुए। उधर, कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले में छानबीन की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से जांच पड़ताल की जा रही है।