फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ओमिक्राॅन से निपटने के लिए तीन अस्पताल अलर्ट

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। देश में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की दस्तक होने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। जिले में इसे देखते हुए तीन अस्पतालों जिला चिकित्सालय, राजकीय मेडिकल कॉलेज व मातृ शिशु विंग को अलर्ट मोड में कर दिया गया है। इसके अलावा सभी ऑक्सीजन प्लांट को दुरुस्त रखने का निर्देश दिए जाने के साथ ही अब कोरोना की जांच में तेजी लाई जा रही है। सामान्य स्थिति में जहां प्रतिदिन लगभग एक हजार संदिग्ध लोगों की जांच की जाती थी, तो वहीं ओमीक्रॉन की दस्तक को देखते हुए अब प्रतिदिन लगभग दो हजार संदिग्ध नागरिकों की जांच की जा रही है। इसके साथ ही जिला अस्पताल समेत अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर लगभग 10 हजार कोरोना किट तैयार की जा रही हैं।
विज्ञापन

कोरोना की दूसरी लहर से निजात मिलने के बाद स्थिति तेजी से सामान्य हो रही थी। आम जनजीवन पूरी तरह से पटरी पर आने लगा था। इस बीच बीते दिनों ही कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन ने सबसे पहले अफ्रीका में दस्तक दी। इसके बाद बीते दिनों ही देश में भी इसके वायरस से पीड़ित कुछ मरीज सामने आए। पूर्व के कोरोना वैरिएंट की तुलना में नया वैरिएंट अत्यंत खतरनाक देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। शासन के निर्देश के बाद जिले के तीन सरकारी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर कर दिया गया। इसमें राजकीय मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल व मातृ शिशु विंग टांडा शामिल हैं।
सीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा ने बताया कि जिले के तीन अस्पताल राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर, जिला अस्पताल व मातृ शिशु विंग को अलर्ट मोड पर कर दिया गया है। बताया कि यदि इसका कोई मरीज सामने आता है, तो उसे पहले जिला अस्पताल व मातृ शिशु विंग में भर्ती कराया जाएगा। इसके बाद भी यदि तबियत में सुधार नहीं हुआ, तो उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में भर्ती कराया जाएगा। यदि यहां भी हालत में सुधार नहीं हुआ, तो उसे लखनऊ रेफर कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी ऑक्सीजन प्लांट को चुस्त दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया है। जिम्मेदारों को निर्देशित किया गया है कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
विज्ञापन

कोरोना की जांच हुई तेज
कोरोना की दूसरी लहर के बाद स्थिति सामान्य होने पर जिले में प्रतिदिन लगभग एक हजार संदिग्ध लोगों की जांच की जा रही थी। अब जबकि कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन ने देश में दस्तक दे दी है, तो इसे देखते हुए जिले में जांच का कार्य तेज कर दिया गया है। सीएमओ ने बताया कि ओमिक्रॉन को देखते हुए प्रतिदिन लगभग दो हजार संदिग्ध नागरिकों की जांच की जा रही है। आगे इसमें और भी तेजी लाई जाएगी।
तैयार की जा रहीं 10 हजार कोरोना किट
कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की देश में दस्तक देने को देखते हुए शासन के निर्देश पर जिले में इससे निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जरूरी तैयारियां तेज कर दी हैं। सीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा ने बताया कि जिला अस्पताल के साथ ही सभी सीएचसी, पीएचसी समेत अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर लगभग 10 हजार कोरोना किट तैयार की जा रही हैं। यदि आवश्यकता पड़ी, तो इनकी संख्या में वृद्धि की जाएगी।
बरतें जरूरी सावधानी
जिस प्रकार से कोरोना की पहली व दूसरी लहर में सभी जरूरी सावधानी बरती गई थी, उसी प्रकार से कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन से निपटने के लिए भी आम नागरिक सभी जरूरी एहतियात बरतें। अत्यंत जरूरी कार्य पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें। घर से बाहर निकलने के दौरान मास्क जरूर लगाएं। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में जाने से बचें। यदि जरा भी संदेह हो, तो जांच जरूर कराएं। जागरूकता के आधार पर ही कोरोना के नए वैरिएंट से निपटा जा सकता है।
विज्ञापन

-अशोक कुमार कनौजिया, एडीएम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें