अंबेडकरनगर। सीएमओ डॉ. राजकुमार के निरीक्षण में शुक्रवार को सीएचसी कटेहरी में तीन चिकित्सक व एक कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इसके साथ ही परिसर में चारों तरफ गंदगी पसरी मिली। इस पर सीएमओ ने अनुपस्थित चिकित्सक व कर्मी का एक दिन का वेतन काटते हुए स्पष्टीकरण मांगा है, सीएचसी प्रभारी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए व्यवस्था में सुधार लाए जाने का निर्देश दिया। चेतावनी दी कि दोबारा निरीक्षण में यदि गंदगी मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ शुक्रवार सुबह सीएचसी कटेहरी पहुंचे। उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया तो चिकित्सकों व कर्मियों की बड़ी लापरवाही सामने आई। डॉ. तबस्सुम खानम बगैर किसी सूचना के 14 जून से नदारद चल रही थीं। डॉ. मुकेश गौतम व डॉ. प्रिया मौर्या के अलावा स्टाफ नर्स वंदना भी बगैर किसी सूचना के अनुपस्थित मिले।
इस पर सीएमओ ने डॉ. तबस्सुम का जहां जून माह का वेतन रोकने का निर्देश दिया तो वहीं तीन अन्य का एक दिन का वेतन काटा। इसके साथ ही कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण भी मांगा। परिसर व भवन के निरीक्षण में जगह-जगह गंदगी फैली मिली। दवाओं का रखरखाव भी बेहतर नहीं मिला। इस पर सीएमओ ने सीएचसी प्रभारी डॉ. अंकुश वर्मा पर नाराजगी जताई। कहा कि इस प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोबारा निरीक्षण में यदि ऐसी लापरवाही मिली तो कार्रवाई की जाएगी।