कटेहरी स्थित गौरा बसंतपुर में गुरुवार को गन्ने के खेत में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र अहिरौली के गोपालपुर गांव में गुरुवार दोपहर गन्ने के खेत में अज्ञात कारणों से आग लग गई। ग्रामीणों को जब तक घटना की जानकारी होती और वे आग को नियंत्रित कर पाते तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। आग की भयावह स्थिति देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना फायर स्टेशन को दी। मौके पर पहुंचे दमकल दस्ते ने ग्रामीणों के साथ मोर्चा संभाला।
करीब ढाई घंटे के बाद आग नियंत्रित की जा सकी। गुरुवार दोपहर गोपालपुर गांव में उस समय अफरा-तफरी व चीख-पुकार मच गई, जब कुछ लोगों ने गांव निवासी विजय प्रताप सिंह के गन्ने के खेत से लपटें उठती देखी। हल्ला-गुहार पर बड़ी संख्या में ग्रामीण गन्ने के खेत की तरफ दौड़े।
आसपास के ट्यूबवेल चालू कर पानी की व्यवस्था की गई। सैकड़ों की संख्या में एकजुट ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन सफलता न मिलती देख इसकी सूचना तत्काल अकबरपुर फायर स्टेशन को दी। सूचना मिलते ही फायर कर्मी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने ग्रामीणों के साथ आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास शुरू कर दिया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग की इस घटना से पीड़ित विजय प्रताप करी करीब पौने तीन बीघा गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। इससे पीड़ित को दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है।