भीटी। प्रधानमंत्री आवास योजना में धांधली की शिकायत करने पर शिकायतकर्ताओं को जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। भीटी थाना क्षेत्र बनगांव निवासी रेखा कुमारी, लक्ष्मी व अनारकली ने बीते दिनों डीएम को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत किया था कि उनके नाम निर्गत प्रधानमंत्री आवास का पैसा दूसरे के खाते में भेज दिया गया है।
इस संबंध में पीड़ितों ने जब ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर जानकारी की तो वहां पर दूसरे के आवास का फोटो लगाकर पूर्ण दिखा दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने गांव पहुंचकर खुद ही स्थलीय निरीक्षण किया। मामला सही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिव, पूर्व प्रधान, पूर्व प्रधान के सहयोगी, तकनीकी सहायक व लेखाकार के विरुद्ध धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराने का आदेश खंड विकास अधिकारी को दिया।
पुलिस ने खंड विकास अधिकारी अनुराग सिंह की तहरीर पर पांचों आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में नामजद मुकदमा पंजीकृत किया, ग्राम पंचायत सचिव राम प्रताप को पुलिस ने जेल भेज दिया। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि मामले को रफा-दफा करने के लिए एक अभियुक्त द्वारा उन सभी पर दबाव बनाया जा रहा है। सुलह न करने की दशा में जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़ितों ने आरोपी के विरुद्ध थाने में तहरीर दी है। निरीक्षक दयाशंकर मित्रा ने बताया कि तहरीर मिली है, आवश्यक कार्रवाई की जाएगी । (संवाद)