अंबेडकरनगर। सूटकेस में रखी नकदी व ज्वैलरी लेकर चोर चलती ट्रेन से उतरकर भाग निकले। गोसाईगंज स्टेशन पर उतरने के बाद इसका पता चलने पर पीड़ितों ने जीआरपी अकबरपुर को घटना की जानकारी दी। इस पर जीआरपी ने मामले की जांच शुरू की है।
अयोध्या के गोसाईगंज के बेरा गांव निवासी हेमराज यादव अहमदाबाद में होर्डिंग कांट्रेक्टर हैं। बचपन से ही वह वहीं रहते हैं। शनिवार सुबह 8.25 पर जोधपुर स्टेशन से गांव आने के लिए मरूधर एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ी थी। कोच नंबर ए-वन सीट नंबर सात पर उनकी पत्नी महिमा और सास शिवभारती बैठी थीं। ए- टू बोगी के 27 नंबर सीट पर हेमराज बैठे थे। सुबह सवा छह बजे अलनाभारी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने पर उनकी पत्नी व सास सूटकेस व अन्य सामान के साथ ट्रेन के दरवाजे पर उतरने के लिए पहुंच गई थीं।
इसी दौरान पांच अज्ञात लोग भी उनके पीछे खड़े हो गए। चारों ने बातों में फंसाकर सूटकेस का ताला तोड़कर अंदर रखी दो सोने की चेन, कान का झुमका और पांच हजार रुपये पार कर दिए और चलती ट्रेन से उतर गए। ट्रेन के गोसाईगंज स्टेशन पर पहुंंचने के बाद महिमा और उनकी मां शिवमाली स्टेशन पर उतर गईं। इसी बीच दूसरी बोगी में बैठे हेमराज भी अपनी पत्नी के पास पहुंच गए। तभी उनकी नजर सूटकेस पर पड़ी। सूटकेस में लगाया गया ताला गायब था। जब उसकी चेन खोली गई तो ज्वेलरी व नकदी भी गायब थी।
आनन-फानन घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद रेलवे पुलिस ने मौके पर जांच की। थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रहा है। केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।