अंबेडकरनगर। अकबरपुर के सोनगांव में शनिवार देर रात चाेरों ने चार सराफा दुकानों का ताला तोड़ा। तीन दुकानों में आधुनिक तिजोरी के नाते चोर आभूषण चोरी नहीं कर सके, लेकिन लकी सोनी की दुकान के अंदर अलमारी का ताला तोड़कर तीन हजार रुपये नकद और 15 हजार रुपये के चांदी के आभूषण चोर उठा ले गए। रविवार की सुबह स्थानीय लोगों से दुकान मालिकों को दुकान में चोरी की जानकारी मिली। घटना की जानकारी मिलते ही सिटी नीतीश तिवारी कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
अकबरपुर के चौक शहजादपुर निवासी लकी सोनी की सोनगांव में महेश कुमार एंड संस के नाम से दुकान है। इनके ठीक बगल संजय कुमार की संजय ज्वेलर्स और दोस्तपुर मार्ग पर मां वैष्णो ज्वेलर्स व श्री साईं ज्वेलर्स के प्रदीप सेठ की आभूषण की दुकान है। हर दिन की भांति शनिवार शाम सात बजे सभी अपनी अपनी दुकान बंद करने के बाद अपने घर चले गए। देर रात लोहे का बेलचा लेकर चोरों ने दुकान का शटर तोड़ा और अंदर घुस गए। मां वैष्णो, श्री साईं ज्वेलर्स में रखी तिजोरी का आधुनिक लॉकर होने के नाते कोशिश के बाद भी चोर लॉकर नहीं खोल पाए। इसके बाद चोरों ने अधियरवां मार्ग पर स्थित महेश कुमार एंड संस ज्वैलर्स की दुकान पर धावा बोला। शटर का ताला तोड़ने के बाद अंदर रखी अलमारी का दरवाजा तोड़कर उसमें रखी तीन हजार रुपये की नकदी व 15 हजार रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण उठा ले गए।
इसके बाद अकबरपुर के पीरपुर निवासी संजय कुमार की संजय ज्वेलर्स का शटर तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। रविवार सुबह छह बजे ज्वेलरी की दुकान का ताला टूटा देखने के बाद स्थानीय लोगों ने दुकान मालिकों को घटना की जानकारी दी। चोरी की जानकारी मिलने के बाद सीओ सिटी पुलिस बल के साथ पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। सीओ सिटी नीतिश कुमार तिवारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छानबीन की जा रही है।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
दुकान में लगे सीसीटीवी में चोरी की वारदात कैद हो गई। पुलिस दुकान के अलावा आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालने में जुटी है। सर्विलांस टीम वारदात के समय घटना स्थल के 100 मीटर के दायरे में एक्टिव सभी मोबाइल नंबरों की कुंडली खंगाल रही है। हालांकि चोरों ने कपड़े की मदद से सीसीटीवी को ढककर वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया था।
-
चार दिन पूर्व हुई चोरी की नहीं दर्ज हुई एफआईआर
इब्राहिमपुर के चमनगंज निवासी अली हसन 31 दिसंबर 2025 को बस्ती अपने रिश्तेदारी में परिवार के साथ गए थे। खाली घर देख चोरों ने दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस गए थे। इसके बाद बक्से व अलमारी में रखी 4.80 लाख रुपये नकद दो तोले का झाला, सोने की कील, आठ ग्राम की बाली, अंगूठी, आधा किलो चांदी की झिलमिल, सोने की बाली पांच जोड़ी आदि करीब 20 लाख रुपये का सामान चोर चोरी कर ले गए थे। चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अभी तक एफआईआर तक नहीं दर्ज की है। पीड़ित ने एसपी से भी गुहार लगाई है। प्रभारी निरीक्षक रितेश पांडेय ने बताया कि जांच की जा रही है।
दो ट्रकों से 300 लीटर डीजल चोरी
अंबेडकरनगर। जलालपुर कस्बा निवासी अली असगर के मुताबिक एक जनवरी की देर रात गिट्टी लदी अपनी ट्रक को टांडा बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित माैरंग मंडी गोहन्न के पास खड़ी कर सो गए थे। दो जनवरी की भोर जागने के बाद ट्रक के पास पहुंचे। वहां जाने पर ट्रक के डीजल की टंकी का ताला टूटा था। टंकी से करीब 20 हजार रुपये का 300 लीटर डीजल चोर चोरी कर ले गए थे। उसी दिन अयोध्या निवासी ट्रक मालिक अनिल तिवारी की टंकी से भी चोरों ने करीब 100 लीटर डीजल चोरी किया था। कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि डीजल चोरी की कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।