अंबेडकरनगर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिले के खिलाड़ियों को प्रतिभा प्रदर्शन का मंच मिलेगा। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में जिला खेल कार्यालय की ओर से 28 से 30 अगस्त तक खेल सप्ताह मनाया जाएगा। इसके तहत एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में तीन खेलों की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
प्रतियोगिता में 14 वर्ष तक के बालकों की हॉकी तथा जूनियर बालक वर्ग की कुश्ती और जूडो प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इसमें स्कूलों और खेल क्लबों की टीमें प्रतिभाग कर सकेंगी। खास बात यह है कि खिलाड़ियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
स्कूल टीम की प्रविष्टि प्रधानाचार्य और क्लब टीम की प्रविष्टि सचिव से प्रमाणित होना अनिवार्य है। खिलाड़ियों को आधार कार्ड भी प्रस्तुत करना होगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों को निर्धारित तिथि से एक दिन पहले एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में अपनी प्रविष्टि जमा करनी होगी। प्रमाणित प्रविष्टि के साथ आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराना भी जरूरी होगा।
खेल सप्ताह के तहत हॉकी, कुश्ती और जूडो में स्कूल व क्लब स्तर के खिलाड़ी एक ही मंच पर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इससे जिले के उभरते खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। जिला क्रीड़ाधिकारी डॉ. मंजूर आलम अंसारी ने बताया कि मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में खेल सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में होंगी।