अंबेडकरनगर। ग्राम पंचायतों में तैनात कर्मचारियों को शीघ्र ही विशेष एप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करानी होगी। शासन की ओर से ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि ग्राम पंचायतों में कार्य करने वाले कर्मचारियों को शासन से जारी एप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करानी होगी। ऐसा इसलिए जिससे कि ग्राम पंचायतों में कार्य करने वाले पंचायत सहायक, बीसी सखी व सफाई कर्मचारी ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही न कर सकें। कर्मचारियों की ओर से एप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराई जा सके, इसके लिए शासन स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। व्यवस्था लागू होने के बाद लगभग 4 हजार कर्मचारियों को एप का प्रयोग करना होगा।
ग्राम पंचायतों में तैनात सफाई कर्मचारियों, पंचायत सहायकों व बीसी सखी पर अपनी जिम्मेदारी के प्रति लापरवाही बरते जाने की शिकायतें अक्सर सामने आती रहती है। अक्सर ग्रामीणों की ओर से शिकायत दर्ज कराई जाती है कि सफाई कर्मचारी लंबे समय से ग्राम पंचायत में सफाई के लिए पहुंचा ही नहीं है। इसे संज्ञान में लेते हुए ही अब शासन ने ऐसे कर्मचारियों की ड्यूटी के प्रति लापरवाही पर अंकुश लगाने के लिए अब नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है। जिस प्रकार से शिक्षा विभाग के कर्मचारियों की एप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज की जा रही है, उसी प्रकार से अब ग्राम पंचायतों में कार्यरत कर्मचारियों पर भी यह व्यवस्था लागू करने की तैयारी है।
डीपीआरओ कार्यालय के अनुसार ग्राम पंचायतों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए भी विशेष एप लाने की तैयारी की जा रही है। संबंधित एप के माध्यम से कर्मचारियों को उपस्थिति दर्ज करानी होगी। ग्रामीणों का मानना है कि यदि एप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था लागू होती है, तो इससे कर्मचारियों की ड्यूटी के प्रति लापरवाही पर काफी हद तक अंकुश पाया जा सकेगा। कटरिया के सुनील कुमार व संजय ने कहा कि यदि एप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराए जाने की व्यवस्था लागू कर दी जाए, तो इससे ग्राम पंचायत की स्थिति में काफी सुधार होगा। सभी कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी के प्रति पूरी तरह से ईमानदारी दिखाएंगे। जिले की सभी 902 ग्राम पंचायतों में लगभग 4 हजार कर्मचारी कार्यरत हैं।
शासन स्तर पर चल रहीं तैयारियां
एप के माध्यम से ग्राम पंचायत में कार्यरत कर्मचारियों की ओर से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने को लेकर शासन से कोई लिखित जानकारी नहीं दी गई है। शासन स्तर पर इसे लेकर तैयारियां चल रही हैं। शीघ्र ही एप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था लागू होने की संभावना है।
-अवनीश कुमार श्रीवास्तव, डीपीआरओ