ट्रेन के दरवाजे पर खड़े होकर सफर करता यात्री।
अंबेडकरनगर। बकरीद पर महानगरों से आने वाली ट्रेनें यात्रियों से भरी आ रही हैं। ऐसे में एक-एक सीट के लिए धक्का मुक्की तक हो रही है। शुक्रवार को फरक्का एक्सप्रेस और गंगा सतलज के अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर कोच में सीट पाने के लिए यात्री धक्का-मुक्की करते नजर आए। स्थिति यह है कि पूरे जून माह में महानगरों की ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है।
भीषण गर्मी में यात्री मजबूरी में जनरल कोच में सफर करने को मजबूर हैं। ट्रेनों के आने के दौरान कोच में चढ़ने के लिए आपाधापी शुरू हो जाती है। स्टेशन पर बुलंदशहर जाने के लिए पहुंचे मोहम्मद आरिफ ने बताया कि कंफर्म टिकट नहीं मिला, इसलिए जनरल कोच में सफर करना मजबूरी है। वहीं, गंगा दशहरा में स्नान करके अयोध्या से वापस लौटी सरिता का कहना है कि पुरुषों को सीट नहीं मिली तो महिला बोगी में घुस आते हैं। भीड़ ज्यादा होने के चलते परेशान होना पड़ा है।
स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि सहालग और त्योहारों की वजह से ज्यादातार ट्रेनों में भीड़ चल रही है। जिससे आवागमन करने वाले यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।