नामांकन पत्र खारिज होने को लेकर हंगामा
अंबेडकरनगर। गन्ना समिति के चुनाव में बृहस्पतिवार को मनमानी के आरोपों को लेकर जमकर हंगामा हुआ। उप सभापति के एकमात्र उम्मीदवार के प्रस्तावक ने अपना नाम अनुमोदन करने से वापस ले लिया। समय बीतने के बाद दबाव डालकर नाम वापस कराने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। वहीं सभापति चुनाव में किरन सिंह निर्विरोध चुन ली गईं।
गन्ना समिति के चुनाव में बीते दिनों अलग-अलग ब्लाॅक से नौ डॉयरेक्टर चुने गए थे। इन्हीं डायरेक्टरों को बृहस्पतिवार को सभापति व उपसभापति का चुनाव करना था। इसके लिए अकबरपुर ब्लॉक परिसर में सुबह से ही गहमागहमी थी। सुरक्षा के अत्यंत कड़े प्रबंध किए गए थे। अध्यक्ष पद के लिए अकबरपुर की डायरेक्टर किरन सिंह निर्विरोध चुन ली गईं। उपसभापति के लिए एकमात्र प्रत्याशी नंदकुमार सिंह ने नामांकन दाखिल किया। दोपहर दो बजे तक आपत्ति दाखिल करने का समय तय था।
समय बीतने के बाद नंदकुमार सिंह के प्रस्तावक संचित वहां पहुंचे। इसी बीच वहां आए एसडीएम सदर सौरभ शुक्ल ने कहा कि शिकायत मिली है कि संचित को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। एसडीएम ने इसके बाद संचित का प्रार्थनापत्र लिया जिसमें उसने नंदकुमार सिंह का समर्थन वापस लेने का जिक्र किया था। एसडीएम ने संचित से बात की, इसके बाद उसके प्रार्थनापत्र को मंजूर कर दिया। इससे उपसभापति पर नंदकुमार सिंह का नामांकन वैध नहीं रह गया।
इसे लेकर ब्लाॅक परिसर में जमकर हंगामा भी हुआ। इसके बावजूद उपसभापति पद का चुनाव अगले फैसले तक के लिए टाल दिया गया। एसडीएम ने बताया कि नियमानुसार प्रक्रिया हुई है।