भीटी (अंबेडकरनगर)। भीटी कस्बा स्थित तहसील गेट पर श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को प्रवाचक पंडित राजेंद्र प्रसाद पांडेय ने श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का वर्णन किया।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि सुदामा और श्रीकृष्ण की मित्रता संसार के लिए एक अमर उदाहरण है। द्वारिका पहुंचे सुदामा को द्वारपालों ने भिक्षुक समझकर रोक दिया। जब उन्होंने कहा कि वे कृष्ण के बालसखा हैं तो सूचना महल तक पहुंची। श्रीकृष्ण सुदामा-सुदामा पुकारते हुए द्वार की ओर दौड़ पड़े। दरवाजे पर खड़े सखा को देखते ही उन्होंने उसे छाती से लगा लिया। श्रीकृष्ण ने सुदामा को राजसिंहासन पर बैठाया और कुबेर का धन देकर उनका जीवन बदल दिया। कथा के अंत में प्रस्तुत कृष्ण-सुदामा की जीवंत झांकी ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। झांकी देखकर कई श्रद्धालु भावुक हो उठे और पूरे पंडाल जय श्रीकृष्ण के जयकारे लगने लगे। इस दौरान मुख्य यजमान अमर बहादुर सिंह, रमेश, सुरेश व अन्य उपस्थित रहे।