अंबेडकरनगर। महरुआ थाना क्षेत्र के धरमपुर गांव में चोरों ने एक मकान में नकब लगाकर दो हजार नकदी समेत करीब 70 हजार रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय घर के सदस्य एक कमरे में सो रहे थे। पीड़ित ने केस दर्ज करने के लिए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रामू विश्वकर्मा परिवार के साथ घर के अगले भाग में एक कमरे में सो रहा था। रात में चोरों ने घर के पीछे नकब लगाई और अंदर चले गए। कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे दो हजार नकद के साथ ही करीब 70 हजार रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।
सुबह जब परिवार के सदस्य सोकर उठे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। जानकारी होने पर डायल 112 के सिपाही मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। बाद में पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी और केस दर्ज करने के लिए तहरीर भी दी। एसओ शंभूनाथ ने बताया कि तहरीर मिली है। छानबीन की जा रही है।