अंबेडकरनगर। कोरोना को पूरी तरह जड़ से उखाड़ फेंकने व संक्रमण की संभावित तीसरी लहर से निपटने को लेकर चल रहे वैक्सीनेशन अभियान को सोमवार को तगड़ा झटका लगा। संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकबरपुर को छोड़कर पूरे जिले के सरकारी अस्पतालों के साथ ही जिला अस्पताल में कोरोना वैक्सीन समाप्त हो गई। बूथों पर वैक्सीन समाप्त होने की नोटिस चस्पा कर दी गई। नतीजा यह रहा कि बूथों पर लोग टीका लगवाने पहुंचे, लेकिन उन्हें मायूसी हाथ लगी। जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में नागरिक टीका लगवाने के लिए पहुंचे, लेकिन उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा।
कोरोना वैक्सीन की कमी से टीकाकरण अभियान प्रभावित हो रहा है। हिचकोले खाते अभियान को सोमवार को उस समय तगड़ा झटका लगा, जब जिले में वैक्सीन समाप्त हो गई। संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरानपुर अकबरपुर को छोड़कर जिला अस्पताल समेत सभी सीएचसी व पीएचसी पर कोरोना वैक्सीन समाप्त हो गई। नतीजा यह रहा कि सुबह से टीका लगवाने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक संबंधित केंद्र के बूथों पर पहुंचे, लेकिन वहां पहले से ही वैक्सीन समाप्त हो जाने की सूचना दर्ज मिली।
बीते दिनों भी वैक्सीन समाप्त हो जाने के चलते टीकाकरण प्रभावित हुआ था। हालांकि दूसरे दिन उपलब्ध हो जाने के बाद वैक्सीनेशन का कार्य प्रारंभ तो हुआ, लेकिन ग्रामीणों में शिविर के माध्यम से टीका लगाए जाने का कार्य प्रारंभ नहीं हो सका। नतीजा यह रहा कि ग्रामीण क्षेत्र से भी नागरिकों को टीका लगवाने के लिए जिला अस्पताल व सीएचसी तक की दौड़ लगानी पड़ी। इस बीच वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्ध न होने से सोमवार को टीकाकरण अभियान ठप हो गया। नतीजा यह रहा कि दूरदराज से संबंधित सीएचसी व जिला अस्पताल में टीका लगवाने के लिए आए नागरिकों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
वैक्सीन समाप्त होने पर नागरिकों ने जताई नाराजगी
वैक्सीन समाप्त होने के बाद सोमवार को टीकाकरण अभियान ठप होने पर टीका लगवाने के लिए संबंधित सीएचसी व जिला अस्पताल पहुंचे नागरिकों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। कहा कि इस प्रकार की लापरवाही से कोरोना संक्रमण से जंग नहीं जीती जा सकेगी। शिबलीपुर गांव से जिला अस्पताल टीका लगवाने के लिए पहुंचे नरेंद्र व हंसवर के मोहम्मद रईस ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि वैक्सीनेशन का कार्य सुचारु रूप से चल सके, इसके लिए जिम्मेदारों को ठोस कदम उठाया जाना चाहिए। मंशापुर के दिलीप वर्मा व गोसरपुर के अंकुश वर्मा ने कहा कि वैक्सीनेशन का कार्य सुचारु रूप से चले, इसके लिए जिम्मेदारों को ठोस कदम उठाना चाहिए।
विदेश जाने वालों को ही लगा टीका
ऐसे नागरिक, जिन्हें विदेश जाना है, उनके लिए संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरानपुर अकबरपुर लगभग 200 डोज को सुरक्षित रखा गया है। सोमवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में वैक्सीनेशन का कार्य जरूर ठप रहा, लेकिन विदेश जाने वालों को यहां टीका लगाया गया। अकबरपुर के प्रकाश उर्फ अब्दुल हमीद ने कहा कि वे संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकबरपुर में टीका लगवाने के लिए गए थे, लेकिन यहां पहुंचकर पता चला कि सिर्फ उन्हीं को टीका लगाया जा रहा है, जिन्हें विदेश जाना है।
वैक्सीन की 38 हजार डोज पहुंची
वैक्सीन न होने से ही जिला अस्पताल समेत जिले के सभी केंद्र पर सोमवार को टीकाकरण अभियान ठप रहा। सिर्फ संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरानपुर अकबरपुर में उन्हीं नागरिकों को टीका लगाया गया, जिन्हें विदेश जाना है। वैक्सीन समाप्त होने की जानकारी शासन को दे दी गई थी। इस पर शासन से जिले को 38 हजार डोज उपलब्ध हो गई, जिसे सोमवार देर शाम तक संबंधित ब्लॉकों में भेज दिया गया। ऐसे में मंगलवार से सुचारु रूप से वैक्सीनेशन का कार्य चलेगा।
डॉ. हेमंत कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी