जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र के नरकटा गांव निवासी रामप्रकाश (18) पुत्र गुरुचरन रविवार सुबह अपने दो दोस्तों के साथ हरदासपुर गांव स्थित सरयू नदी में नहाने गया था। बताया जाता है कि नहाने के दौरान वह गहराई में चला गया। इसी बीच उसका पैर फिसल गया और वह डूबने लगा।
शोर मचाने पर साथ नहा रहे दोनों युवकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस पर दोनों युवक गांव पहुंचे और परिवारीजनों को घटना की जानकारी दी। परिवारीजन ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ युवकों ने रामप्रकाश की तलाश में नदी में छलांग लगाई लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।
इस बीच एसओ हंसवर अरशद सिद्दीकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भी युवक की काफी देर तक तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं लगा। बाद में टांडा से सात गोताखोर को बुलाया गया। जाल लगाकर युवक की तलाश कर रहे थे। उधर घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।