डेंगू की चपेट में आई तहसील क्षेत्र की एक महिला की जहां पीजीआई लखनऊ में इलाज के दौरान रविवार को मौत हो गई तो वहीं तेज बुखार से एक बालिका ने दम तोड़ दिया। दो दिन पहले इसी तहसील क्षेत्र अंतर्गत एक बालिका की डेंगू से मौत हो गई थी। चार दिनों के अंदर तेज बुखार व डेंगू से हुई तीन मौतों से तहसील क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।
लोगों का कहना है कि इसके बावजूद इससे निपटने को लेकर स्वास्थ्य विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। भीटी तहसील अंतर्गत वाजिदपुर निवासिनी शिवकुमारी (40) पत्नी किसाने चार दिन पूर्व तेज बुखार की चपेट में आ गई। उसे फैजाबाद के गोशाईगंज बाजार स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यहां डेंगू के लक्षण पाए जाने पर उसे तत्काल पीजीआई लखनऊ रेफर कर दिया गया जहां इलाज के दौरान रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। इसी तहसील क्षेत्र अंतर्गत इनौना निवासिनी शिवांगी (8) पुत्री रामयज्ञ को एक सप्ताह पूर्व बुखार चढ़ गया था। जिला अस्पताल में इलाज कराया गया।
तबियत में सुधार न होने पर उसे अकबरपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई। गौरतलब है कि शनिवार को भीटी तहसील अंतर्गत उमरावां गांव निवासी मुस्तफा की दस वर्षीय पुत्री शाजिया की डेंगू की चपेट में आने से मौत हो गई थी।
22 सितंबर को तेज बुखार से पीड़ित शाजिया को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां जांच में प्लेटलेट्स 57 हजार मिला। इस पर उसे लखनऊ रेफर किया गया था, जहां दो दिन पहले उसकी मौत हो गई थी। इसके अलावा सितंबर के प्रथम सप्ताह में इसी तहसील अंतर्गत सेनपुर निवासी सनी (8) की भी डेंगू की चपेट में आने से मौत हो गई थी।
सीएमओ डॉ. मोहिबुल्लाह ने बताया कि डेंगू या फिर तेज बुखार से मौत की जानकारी नहीं है। शीघ्र ही ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान चलाकर न सिर्फ आवश्यक दवाओं का वितरण किया जाएगा बल्कि लोगों को इससे बचाव के लिए जागरूक भी किया जाएगा।