राजेसुल्तानपुर क्षेत्र में कम्हरिया घाट के निकट 25 सेमी बढ़ा सरयू का जलस्तर।संवाद
राजेसुल्तानपुर। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बैराजों से पानी छोड़े जाने के बाद सरयू नदी का जलस्तर रविवार को 25 सेंटीमीटर बढ़ गया। जलस्तर बढ़ने से मांझा क्षेत्र के निचले इलाकों में फिर पानी भरने लगा है, जबकि नदी किनारे कटान तेज होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने निगरानी के लिए कर्मचारियों की तैनाती कर दी है।
रविवार को सरयू का जलस्तर 84.39 मीटर दर्ज किया गया जो अभी भी खतरे के निशान से 1.17 मीटर नीचे है। हालांकि जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी के चलते मांझा कम्हरिया, कम्हरिया, इटौरा और ढोलीपुर क्षेत्र में कटान का खतरा बढ़ गया है। नदी की तेज धारा खेतों को लगातार अपनी जद में ले रही है।
किसान तालुकदार और भावेश का कहना है कि परियोजनाएं केवल कागजों तक सीमित रहीं, जबकि स्थायी सुरक्षा कार्य आज तक धरातल पर दिखाई नहीं दिए। यही वजह है कि कटान हो रहा है। उधर, एसडीएम धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि कि नदी अभी खतरे के निशान से नीचे बह रही है और फिलहाल किसी प्रकार की आपात स्थिति नहीं है। मांझा क्षेत्र में कर्मचारियों को लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।