अंबेडकरनगर। सावन के चौथे दिन रविवार को जिले में झमाझम बारिश हुई। इस वर्षा से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों के चेहरे भी खिल उठे। यह बारिश धान की रोपाई पूरी करने और खेतों में लगी फसल के बेहतर विकास के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी। हालांकि, शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव के कारण परेशानियां भी सामने आईं।
रविवार सुबह से ही विभिन्न क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। अकबरपुर शहर में सुबह करीब 11 बजे बारिश शुरू हुई और लगभग डेढ़ घंटे तक कभी तेज तो कभी धीमी गति से पानी बरसा। इससे शहर के प्रमुख मार्गों के किनारे एक बार फिर जलभराव और कीचड़ उत्पन्न हो गया। रोडवेज बस स्टैंड, जिला अस्पताल और कलेक्ट्रेट के निकट सड़क की पटरियों पर पानी भर जाने से पैदल राहगीरों का आवागमन प्रभावित हुआ।
बसखारी क्षेत्र में भी बारिश ने भीषण गर्मी से राहत प्रदान की। टांडा कस्बे के साथ-साथ हंसवर, सद्दरपुर और सुलेमपुर क्षेत्रों में अच्छी बारिश से खेतों में नई जान आ गई। अयोध्या हाईवे पर अन्नावा बाजार, कटेहरी बाजार और अहिरौली में जगह-जगह जलभराव से लोगों को परेशानी हुई। जलालपुर और भीटी क्षेत्र में खेतों में पानी भर गया, जिससे किसानों को यूरिया की टॉप ड्रेसिंग करने में मदद मिलेगी। दिन का अधिकतम तापमान दो डिग्री लुढ़ककर 31 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्र ने अगले 24 घंटे के दौरान अच्छी बारिश होने के आसार बताए हैं।
बारिश में टपकने लगा नया टिन शेड
बारिश ने अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर कराए गए निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लगा दिया। यह कार्य अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कुछ माह पहले ही किया गया था। नए लगाए गए टिन शेड से बारिश के दौरान पानी टपकने लगा। इससे प्लेटफॉर्म पर खड़े यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के बीच यात्री शेड के नीचे भीगने से बचने के लिए इधर-उधर शरण लेते नजर आए।
धान की फसल को मिली संजीवनी
किसानों के लिए यह बारिश वरदान से कम नहीं है। आलापुर के हथिनाराज के किसान रामकुमार तिवारी ने इसे धान की खेती के लिए अत्यंत अनुकूल बताया। मसेना मिर्जापुर के किसान मंतराम यादव ने कहा कि कई दिनों से किसान बारिश की प्रतीक्षा कर रहे थे। रविवार की अच्छी वर्षा से खेतों में पर्याप्त पानी भर गया है। इससे धान की फसल को मजबूती मिलेगी और उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है। सरावां के किसान दिनेश ने बताया कि लगातार बारिश से धान की पौध को आवश्यक नमी मिलेगी। इससे पौधों की बढ़वार अच्छी होगी और फसल की गुणवत्ता भी बेहतर रहने की संभावना है।