अंबेडकरनगर। कोरोना प्रोटोकॉल के बीच जिले में मंगलवार को 902 ग्राम पंचायतों की तुलना में 520 ग्राम पंचायतों के नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों व सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। कोरोना संकट को देखते हुए शपथ ग्रहण के दौरान भीड़ न एकत्र हो, इसके लिए तीन अलग-अलग चरणों में ग्राम प्रधानों व सदस्यों को शपथ दिलाई गई। इस दौरान कोरोना संक्रमण को देखते हुए सभी जरूरी सावधानी बरती गई।
शपथ ग्रहण कक्ष में प्रवेश करने से पहले न सिर्फ प्रधानों व सदस्यों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई, बल्कि उन्हें पूरी तरह सैनिटाइज भी किया गया।
शासन के दिशा निर्देशानुसार मंगलवार को जिले में कोरोना प्रोटोकॉल के बीच ग्राम प्रधानों व सदस्यों ने शपथ ग्रहण की। बताते चलें कि जिले में 902 ग्राम पंचायतें हैं। कोरम न पूरा होने के चलते 380 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान मंगलवार को शपथ नहीं ग्रहण कर सके। ऐसे में 520 ग्राम प्रधानों व सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानी डॉ. महेशचंद्र द्विवेदी ने बताया कि मंगलवार को अकबरपुर विकास खंड में 71, बसखारी में 44, भीटी में 57, भियांव में 50, जहांगीरगंज में 48, जलालपुर में 61, रामनगर में 76, कटेहरी में 50 व टांडा विकास खंड में 63 ग्राम प्रधानों को शपथ दिलाई गई।
इस बीच डीपीआरओ दुर्गाप्रसाद तिवारी ने बताया कि मंगलवार को शपथ ग्रहण में किसी भी प्रकार की भीड़ न एकत्र हो, इसके लिए तीन चरणों में ग्राम प्रधानों व सदस्यों को शपथ दिलाई गई। बताया कि प्रथम चरण मेें सुबह 9 से पूर्वाह्न 11 बजे तक 150, दूसरे चरण में दोपहर 12 से अपराह्न 2 बजे तक 200 तथा तीसरे चरण में अपराह्न 3 से शाम 5 बजे तक शेष ग्राम प्रधानों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। बताया कि कोरोना संकट को देखते हुए शपथ ग्रहण कक्ष में प्रवेश करने वाले ग्राम प्रधानों व सदस्यों को पहले पूरी तरह से सैनिटाइज किया गया। इसके अलावा मास्क की भी अनिवार्यता सुनिश्चित की गई।
उन्होंने बताया कि नव निर्वाचित सभी 900 ग्राम प्रधानों को निर्देशित किया गया है कि 27 मई को खुली बैठक कर विकास कार्यों को लेकर जरूरी रणनीति तैयार करें। साथ ही यह भी तय करने का निर्देश दिया गया है कि वे मनरेगा के तहत किस प्रकार से कार्य कराएंगे। बताया कि मंगलवार को 520 ग्राम प्रधानों को शपथ दिलाई गई है। 380 ग्राम प्रधान कोरम पूरा न होने के चलते शपथ नहीं ग्रहण कर सके। इसके अलावा टांडा व अकबरपुर विकास खंड में नव निर्वाचित ग्राम प्रधान के निधन के चलते पद रिक्त हो गया है।