आलापुर (अंबेडकरनगर)। तहसील परिसर में अधिवक्ता कल्याण समिति से जुड़ी वित्तीय गड़बड़ी का मामला चर्चा में है। शुक्रवार को अधिवक्ता कल्याण समिति के कोषाध्यक्ष अजीत यादव ने समिति के बैंक खाते में तीन लाख 95 हजार रुपये जमा किए। साथ ही 15 लाख रुपये का चेक अधिवक्ता संघ अध्यक्ष सुनीत द्विवेदी को सौंपा गया है।
अध्यक्ष ने बताया कि समिति की आंतरिक जांच जारी है और अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कुल कितनी राशि का गबन हुआ है। प्रारंभिक जांच में 35 लाख रुपये गबन की बात कही जा रही है। उधर, थाना जहांगीरगंज में अधिवक्ता कल्याण समिति की ओर से नई तहरीर भी दी गई है। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होते ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।