अंबेडकरनगर। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को फतेह जहूरपुर गांव के निकट धरना देकर किसानों के हक की आवाज बुलंद की। कहा गया कि एनएच 233 के प्रभावितों को शतप्रतिशत मुआवजा दिए जाने को लेकर जो संघर्ष शुरू किया गया है, उसे अब अंजाम तक पहुंचाकर ही रहा जाएगा।
जिलाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि किसानों की समस्याओं को निस्तारित करने व उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत करने को लेकर जिम्मेदार तनिक भी गंभीर नहीं हो रहे। एनएच 233 का निर्माण पूरा हुए दो वर्ष से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन प्रभावित किसानों को अब तक शतप्रतिशत मुआवजा नहीं मिल सका है। इसे लेकर जब भी आवाज बुलंद की जाती है, तो सिर्फ आश्वासन ही दिया जाता है। अब आश्वासन नहीं, परिणाम चाहिए। इस बार जो धरना शुरू किया है, उसे तब ही समाप्त किया जाएगा, जब प्रभावित किसानों को शतप्रतिशत भुगतान हो जाएगा।
छविलाल, रामखेलावन, मनीराम, सजीवन, शंति देवी, मनोरमा, लक्ष्मी, रामबदन ने कहा कि किसानों को उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। खाद व बीज के दाम में कमी नहीं की जा रही। किसानों को मुफ्त में बिजली दिए जाने की मांग को भी पूरा नहीं किया जा रहा। इससे किसानों को लागत निकालने में भी मुश्किल हो रही है।