टांडा के छज्जापुर में आग बुझाते दमकल कर्मी व सीआईएसएफ के जवान। संवाद
विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। नगर के छज्जापुर दक्षिण मोहल्ले स्थित सिंह ट्रेडर्स के स्टेशनरी गोदाम में रविवार तड़के लगी भीषण आग 40 घंटे बाद भी धधकती रही। तमाम कोशिशों के बाद भी सोमवार शाम तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका था। ऐसे में राहत कार्य में भी बाधा आ रही है।
प्रशासन और दमकल विभाग की तमाम कोशिशों के बावजूद बेसमेंट तक सीधी पहुंच न होने और इमारत की बनावट के कारण आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी है। चार मंजिला इस भवन में अधिकांश मंजिलों पर आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन 80 फीट गहरे और एकतरफा प्रवेश वाले बेसमेंट में आग बुझाना दमकल विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है।
दमकल कर्मी महेंद्र तिवारी के मकान की तरफ से दीवार तोड़कर बेसमेंट में जाने के प्रयास में लगे रहे। वहीं, सुभाष चंद्र अग्रहरि व राजेश साहू के मकानों की छतों से जाकर भी ऊपरी मंजिलों में आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। शाम तक 200 गाड़ी पानी खर्च हुआ, फिर भी सफलता नहीं मिली। घटना में सिंह ट्रेडर्स की स्टेशनरी सामग्री जलकर राख हो गई। साथ ही आसपास स्थित सुभाष चंद्र अग्रहरि, राजेश साहू, रविचंद्र और महेंद्र तिवारी के मकानों को भी खासा नुकसान पहुंचा है।
सोमवार को सीओ शुभम कुमार, इंस्पेक्टर दीपक रघुवंशी, नायब तहसीलदार राजकपूर और लेखपाल राजन पटेल ने घटना स्थल का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया।