अंबेडकरनगर। जिले के एसपी केशव कुमार का कार्यकाल एक साल से भी कम समय का रहा। इनकी जिले में तैनाती 24 दिसंबर 2024 को हुई थी। अब इनका स्थानांतरण कुशीनगर पुलिस अधीक्षक पद पर कर दिया गया है। इनके स्थान पर औरैया में तैनात वर्ष 2018 के आईपीएस अधिकारी अभिजीत आर. शंकर को जिले का नया एसपी बनाया गया है।
अभिजीत मूलरूप से केरल के निवासी हैं। इन्होंने 12 सितंबर 2024 को औरैया में पदभार संभाला था और अपने कार्यकाल में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए। उनके नेतृत्व में गो-तस्करी, मादक पदार्थ तस्करी, अवैध शराब, लूट और चोरी जैसे अपराधों पर कड़ी कार्रवाई की गई। माना जा रहा है कि शुक्रवार को वह कार्यभार ग्रहण करेंगे। वहीं, केशव कुमार की जिले के आम व खास लोगों के बीच छवि ईमानदार पुलिस अधिकारी के रूप में रही। एसपी केशव कुमार ने राजनीतिक दबावों से इतर निष्पक्ष रूप से घटनाओं के खुलासे किए और लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों को हटाने में कतई भी संकोच नहीं किया।