रायबरेली। दीपावली समेत अन्य त्योहारों को परिवार के साथ मनाने के लिए लोग गैर प्रांतों से यहां आ रहे हैं। इसीलिए मुंबई, दिल्ली, पंजाब की ओर से आने वाली ट्रेनों में भीड़ दिख रही है। दिल्ली और पंजाब से आने वाली ट्रेनों में तो रोज लोगों के आने का सिलसिला चल रहा है। मुंबई से आने वाली यह स्पेशल ट्रेन पौने तीन घंटे विलंब से आई।
प्रयागराज-चंडीगढ़ ऊंचाहार एक्सप्रेस लगभग तीन घंटे विलंब से पहुंची, वहीं टनकपुर से सिंगरौली जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस ढाई घंटे और चंडीगढ़ से प्रयागराज जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस व नई दिल्ली से धनबाद जाने वाली स्पेशल पौने दो घंटे देर से आई।
बृहस्पतिवार की रात नई दिल्ली-बनारस काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस दो घंटे, प्रयागराज-लखनऊ पैसेंजर व बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस पौने दो घंटे, कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटे, वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस पौन घंटे और कानपुर-रायबरेली पैसेंजर आधे घंटे विलंब से आई। त्योहार की वजह से ट्रेनों में भीड़ बढ़ी है। अगले दो दिन यानी शनिवार और रविवार को भीड़ में इजाफा होगा। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि ट्रेनें पहले से लेट होने के कारण देर से आई हैं।