विद्युत सुधार के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लगे ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्घि के साथ ही उनकी संख्या बढ़ाए जाने की भी उम्मीद लंबित परियोजनाओं के निर्माण समेत बाईपास व रिंगरोड निर्माण को पूरे होने की भी उम्मीद है। बहुउद्देशीय लोहिया भवन और जिला कारागार का तोहफा भी लोगों को नए साल में मिल सकता है। अगर सब कुछ ठीकठाक रहा तो नए साल में विकास के साथ ही लोगों की उम्मीदों का आसमान भी रौशन हो जाएगा।
25 लाख की लागत से टॉयट्रेन चलेगी
जिले के एक मात्र राजकीय उद्यान में नए वर्ष में लगभग 25 लाख की लागत से बच्चों की ट्रेन चलने की उम्मीद है। दरअसल इस आशय का प्रस्ताव शासन को बीते दिनों ही जिला प्रशासन ने भेज रखा है। इसमें पार्क के भीतर पटरी बिछाए जाने से लेकर बच्चों की ट्रेन खरीदे जाने तक का बजट शामिल है। जिलाधिकारी विवेक ने बताया कि प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। इस पर नए वर्ष में निर्णय लिया जा सकता है।
शासन कई प्रमुख बिंदुओं पर विचार कर रहा है। पार्क में बच्चों की ट्रेन के अलावा 25 लाख के अन्य कार्यों का प्रस्ताव भी शासन में लम्बित है। जिला प्रशासन ने बच्चों की ट्रेन के साथ ही दरअसल पार्क के सौन्दर्यीकरण व झील की खुदाई कर वाटरबोट चलवाने का भी प्रस्ताव शामिल किया है। गौरतलब है कि पार्क स्थापना के दौरान एनटीपीसी के सहयोग से यहां वाटरबोट की सुविधा मिली थी, लेकिन समय बीतने के साथ ही यह सुविधा समाप्त हो गई।
दो महत्वपूणऱ्र्ण ट्रेनों के ठहराव की उम्मीद
लंबे समय से जफराबाद से बाराबंकी तक के रेलमार्ग के दोहरीकरण की मांग नए वर्ष में पूर्ण होने की उम्मीद है। दरअसल जिले में सात जनवरी को रेल राज्यमंत्री का आगमन भाजपा सांसद के सया स्थित महाविद्यालय में हो रहा है। सांसद के मुताबिक कार्यक्रम में रेल लाइन दोहरीकरण के अलावा अकबरपुर में तीन व गोसाईगंज में दो महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की घोषणा भी कार्यक्रम में होगी।
वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सांसद चुने जाने के बाद जनपदवासियों को उम्मीद थी कि धार्मिकनगरी काशी व अयोध्या को देखते हुए जफराबाद से बाराबंकी तक के रेलमार्ग को वर्ष 2015 में दोहरीकरण की सौगात मिलेगी।
यहां वे भाजपा सांसद हरिओम पांडेय के महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। सांसद के मुताबिक इस दौरान जफराबाद से बाराबंकी तक की रेल लाइन के दोहरीकरण, विद्युतीकरण, अकबरपुर स्टेशन के सौन्दर्यीकरण के अलावा अकबरपुर में तीन व गोसाईगंज में दो महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की घोषणा होगी।
मिलेगा बहुउद्देशीय लोहिया भवन का तोहफा
लंबे समय से निर्माणाधीन भवनों के नए वर्ष में पूर्ण होने एवं उनका लाभ जनपदवासियों को मिलने की उम्मीद नए वर्ष में लोगों को है। बहुउद्देशीय लोहिया भवन व जिला कारागार का निर्माण लंबे समय से चल रहा है। जिला प्रशासन ने वर्ष 2016 में इन दोनों महत्वपूर्ण भवनों का निर्माण पूरा हो जाने का भरोसा दिलाया है।
बीते सपा शासनकाल में जिला मुख्यालय पर जिस बहुउद्देशीय लोहिया भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया था, वह बीते वर्ष में भी पूर्ण नहीं हो सका था। नए वर्ष में उम्मीद है कि इस भवन का निर्माण कार्य पूर्ण हो सकेगा, जिसका व्यापक लोगों को मिल सकेगा।
इसी प्रकार लंबे समय से निर्माणाधीन जिला कारागार का निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए शासन प्रशासन गंभीर होगा। जिलाधिकारी विवेक ने बताया कि वर्ष 2016 में दोनों महत्वपूर्ण भवनों का निर्माण पूरा हो जाएगा।