भारतरत्न व संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती गुरुवार को समूचे जिले में धूमधाम से मनी। जगह-जगह विविध आयोजन भी हुए। दलितों के मसीहा माने जाने वाले बाबा साहब की जयंती को लेकर दलितों में खासा उत्साह दिखा।
शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जगह-जगह बाबा साहब की झाकियां निकलीं व गोष्ठियों का आयोजन कर उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया गया। सरकारी कार्यालयों में भी अधिकारियों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों की चर्चा की।
कलेक्ट्रेट परिसर में हुई गोष्ठी में डीएम विवेक ने डॉ. अंबेडकर के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला और कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा व सामाजिक न्याय के वे सजग प्रहरी थे। इससे पहले उन्होंने कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट के निकट स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी रामसूरत पांडेय, एसडीएम पंकज समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन की तरफ से राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालयों व कस्तूरबा विद्यालयों में बच्चों को मिठाई व फल का वितरण किया गया।
शहजादपुर मलिन बस्ती में डॉ. गंगाराम के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग ने कैंप लगाकर लोगों का उपचार किया। सपा जिलाध्यक्ष हीरालाल यादव ने बाबा साहब की याद में आयोजित कार्यक्रमों में भागीदारी करते हुए कहा कि आदर्श पुरुषों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना होगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष शिवनायक वर्मा ने जिला मुख्यालय पर बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तो वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष रामप्रकाश यादव ने जलालपुर के कई कार्यक्रमों में भागीदारी की। अनुसूचित मोर्चा प्रदेेश अध्यक्ष गौतम चौधरी के आह्वान पर अनुसूचित मोर्चा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को बाबा साहब की जयंती पूरे हर्षोल्लास के साथ मनायी।
जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला महामंत्री जितेंद्र कनौजिया ने की। मुख्य वक्ता पूर्व विधायक त्रिवेणीराम ने बाबा साहब के आदर्शों पर प्रकाश डाला। बामसेफ एवं भारत मुक्ति मोर्चा द्वारा बाबा साहब की जयंती मनाई गई। उत्तर प्रदेश प्रभारी विकास चौधरी ने बाबा साहब के आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस मौके पर ओपी निगम, जितेंद्र राजभर व संदीप आदि मौजूद रहे। कांग्रेस कार्यालय पर जिला मीडिया प्रभारी डॉ. विजयशंकर तिवारी की अध्यक्षता में बाबा साहब की जयंती मनी। संचालन कर रहे पूर्व सुनील मिश्र ने डॉ. अंबेडकर के जीवन दर्शन पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस मौके पर प्रदेश सवि रामकुमार पाल, संजय तिवारी व बब्लू आदि मौजूद रहे। डॉ. अंबेडकर बुद्ध चेतना समोत्थान समिति ने कलेक्ट्रेट के निकट जयंती मनाई। राष्ट्रीय लोक दल जिलाध्यक्ष वासुदेव वर्मा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर की जयंती मनाई।
विश्व हिंदू महासंघ जिलाध्यक्ष रामसिंगार, ओमप्रकाश वर्मा व लखनराम आदि ने कलेक्ट्रेट के निकट स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में निदेशक डॉ. केएस वर्मा, मेडिकल कॉलेज में प्रधानाचार्य ने बाबा साहब के विचारों को छात्र-छात्राओं से साझा किया।
अपना दल नेता आनंद हीराराम पटेल, अयोध्या प्रसाद व इंदजीत आदि ने अंबेडकर मूर्ति पर माल्यार्पण किया। आम आदमी पार्टी जिला संयोजक राजेंद्र वर्मा, कृष्णकुमार व संजय ने भी बाबा साहब को याद किया।