विद्युतनगर (अंबेडकरनगर)। टांडा नगर के हयातगंज मोहल्ले स्थित ऐतिहासिक रामलीला चौक परंपरा और संस्कृति का जीवंत प्रतीक बना हुआ है। वर्ष 1894 में आरंभ हुई यह रामलीला परंपरा बीते 131 वर्षों से निरंतर श्रद्धा और अनुशासन के साथ जारी है।
इस ऐतिहासिक आयोजन की शुरुआत बलभद्र प्रसाद के नेतृत्व में हुई थी, जिसमें राम रघुवीर, वकील बाबू और रघुरन लाल खन्ना की सक्रिय भागीदारी रही। शुरुआती दौर से ही यह रामलीला न केवल धार्मिक, बल्कि सामाजिक एकजुटता का केंद्र रही है। समिति के संचालन की बागडोर बाद में बाबू बनारसी दास अग्रवाल और हरि किशोर चौरसिया ने संभाली। वर्ष 1984 से ध्रुव अग्रवाल और 1983 से निर्देशक बजरंगी लाल सोनी आयोजन से जुड़े हुए हैं। वर्तमान में रामलीला आयोजन की जिम्मेदारी अध्यक्ष पंडित राकेश कुमार मिश्र, महामंत्री अनिरुद्ध कुमार अग्रवाल और निर्देशक बजरंगी लाल सोनी के पास है। अध्यक्ष राकेश मिश्र का कहना है कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि यह मंच सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रवादी मूल्यों को मजबूत करने का माध्यम भी है। महामंत्री अनिरुद्ध कुमार अग्रवाल ने बताया कि कलाकारों द्वारा मंचन की रिहर्सल शुरू कर दी गई है और आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।