अकबरपुर में बारिश के बाद लहलहा उठी धान की फसल।
अंबेडकरनगर। उमस भरी गर्मी के बीच बृहस्पतिवार दोपहर बाद हुई बारिश से लोगों ने राहत की सांस ली। जिले के कुछ क्षेत्रों में तेज तो ज्यादातर क्षेत्र में हल्की बारिश होने से धान व गन्ना किसानों के चेहरे भी खिल उठे। कहा कि मौजूदा समय में इन दोनों फसलों की सिंचाई की अत्यंत आवश्यकता है। ऐसे में यह बारिश संबंधित फसलों के लिए अमृत समान है।
एक दिन पहले बुधवार शाम हुई झमाझम बारिश के बाद बृहस्पतिवार सुबह तेज धूप से फिर उमस भरी गर्मी का दौर शुरू हो गया। जगह-जगह लोग गर्मी से परेशान दिखे। हालांकि दोपहर होते होते काले बादल आ गए। साढ़े तीन बजे काले बादल बरस पड़े। जिले के कुछ क्षेत्रों में तो तेज बारिश हुई, लेकिन ज्यादातर क्षेत्रों में रिमझिम बारिश हुई। इससे मौसम खुशगवार हो गया।
उधर लगभग आधे घंटे तक हुई बारिश से धान व गन्ना किसानों के चेहरे भी खिल उठे। दरअसल मौजूदा समय में संबंधित फसलों की सिंचाई अत्यंत जरूरी है। पर्याप्त बारिश न होने से जिले में सूखे जैसे हालात उत्पन्न हो गए थे। इससे किसानों की चिंता फसलों को लेकर बढ़ गई थी। इस बीच बुधवार और इसके बाद बृहस्पतिवार को भी हुई बारिश ने किसानों को बड़ी राहत दी।