रोस्टर के अनुरूप शहरी क्षेत्रों को 20 व ग्रामीण क्षेत्रों को 14 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाए। उपभोक्ताओं को बिजली मिले, इसके लिए आवश्यकतानुसार जर्जर तारों के स्थान पर केबिल लगाने एवं गल्ला मंडी में 400 केवीए का नया ट्रांसफॉर्मर स्थापित करने के निर्देश बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में दुग्ध विकास मंत्री राममूर्ति वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में पावर कॉर्पोरेशन अधिकारियों को दिए गए।
औद्योगिक क्षेत्रों में कोई भी गड़बड़ी होने पर उसे तत्काल ठीक कराने एवं लोहिया समग्र गांवों में विद्युतीकरण का कार्य अविलंब पूर्ण कराने के साथ ही रोस्टर को प्रकाशित कराने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा स्वीकृत 35 सड़कों का निर्माण 30 दिन के अंदर पूर्ण कर उसकी फोटो शासन को उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया।
प्रदेश सरकार के मौजूदा कार्यकाल में पहली बार विद्युत व आवागमन संबंधी समस्या को दूर करने के लिए मंत्री की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय चौपाल का आयोजन हुआ। इसमें जिला प्रशासन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
अध्यक्षता कर रहे दुग्ध विकास मंत्री राममूर्ति वर्मा ने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए ही शासन ने शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं को 20 घंटे व ग्रामीण क्षेत्रों को 14 घंटे की बिजली उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इसका सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
मंत्री ने कहा कि रोस्टर के अनुसार उपभोक्ताओं को बिजली मिले, इसके लिए जहां भी आवश्यकता हो, वहां जर्जर तारों को बदलकर केबिल लगाई जाए। उन्होंने कहा कि बिजली का जो भी रोस्टर हो, उसे समाचार पत्रों में प्रकाशित कराया जाए, जिससे लोगों को रोस्टर के बारे में जानकारी हो सके।
इसके अलावा अधिकारियों व कर्मचारियों के सीयूजी नंबर भी प्रकाशित किए जाएं, जिससे उपभोक्ता अपनी समस्याएं आसानी के साथ बता सकें। मंत्री ने कहा कि विद्युत संबंधी गड़बड़ी दूर करने में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित के विरुद्घ कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
डीएम विवेक ने कहा कि ट्रांसफॉर्मर फुंकने की दशा में तीन दिन के अंदर उसे बदला जाए। यदि अत्यावश्यक हो तो मोबाइल ट्रांसफॉर्मर लगाकर उपभोक्ताओं को बिजली उपलब्ध कराई जाए। औद्योगिक क्षेत्रों में सुचारु रूप से बिजली उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
जिन लोहिया समग्र गांवों में विद्युतीकरण का कार्य अब तक पूर्ण नहीं हो सका है, उसे तत्काल पूर्ण कराया जाए। निर्माण इकाईयों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन 35 सड़कों के निर्माण को शासन ने स्वीकृति प्रदान की है, उनका निर्माण 30 दिन के अंदर पूर्ण कर उसके फोटोग्राफ शासन को उपलब्ध कराया जाए।
सड़क निर्माण में गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। इस दौरान एमडी विद्युत शमीम अहमद, सीडीओ नेहा प्रकाश, मुख्य अभियंता फैजाबाद अशोक कुमार, अधीक्षण अभियंता फैजाबाद राजेश कुमार श्रीवास्तव, अधिशाषी अभियंता विद्युत मुकेश बाबू व विनय आदि मौजूद रहे।