अंबेडकरनगर। कोरोना वायरस से बचाव के लिए टीका लगवाने को कराए गए रजिस्ट्रेशन के बाद तारीख तो मिल गई, लेकिन निर्धारित समय पर टीका नहीं लग सका। इससे लोगों को मायूस हो कर लौटना पड़ा।
18 से 40 वर्ष की आयु वर्ग वाले टीका लगवाने के लिए जिला अस्पताल तो पहुंच रहे हैं, लेकिन ज्यादातर को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। किसी को तारीख मिल गई, तो स्लाट बुक नहीं हुआ, तो किसी का स्लाट बुक हुआ, तो तकनीकी समस्या बताते हुए उन्हें लौटा दिया जा रहा है। गुरुवार को बड़ी संख्या में युवा टीका लगवाने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन ज्यादातर को मायूसी ही हाथ लगी।
इससे उनमें आक्रोश फैल गया। नाराजगी व्यक्त करते हुए युवाओं ने कहा कि इस प्रकार की लापरवाही से तो कोरोना से जंग नहीं जीता जा सकेगा। इस बीच गुरुवार को जिला अस्पताल में टीका लगवाने के लिए उमड़ी भीड़ के चलते सोशल डिस्टेंसिंग की भी जमकर धज्जियां उड़ीं।
कोरोना वॉयरस से जंग जीतने के लिए एक मई से 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग वालों को कोरोना वैक्सीन का टीका लगाने की घोषणा शासन ने की थी। इसके लिए रजिस्ट्रेशन भी शुरू कर दिया गया था। गुरुवार को टीका लगवाने के लिए जिला अस्पताल में युवाओं के बीच व्यापक आपाधापी का माहौल दिखा।
दी गई तारीख के आधार पर गुरुवार को बड़ी संख्या में टीका लगवाने के लिए लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। युवाओं की भीड़ के चलते सोशल डिस्टेंसिंग की भी इस दौरान धज्जियां उड़ीं। सभी में टीका लगवाने की होड़ सी मची हुई थी, लेकिन इनमें से ज्यादातर को मायूसी हाथ लगी।
ज्यादातर को तकनीकी गड़बड़ी बताकर नई तारीख टीका लगाए जाने के लिए दे दिया गया। इससे टीका लगवाने के लिए आने वालों में नाराजगी व्याप्त हो गई। उनका कहना था कि नई तारीख तो दे दी गई, लेकिन इसकी कोई गारंटी नहीं कि दी गई नई तारीख पर भी टीका लग सकेगा।
अरियौना से टीका लगवाने जिला अस्पताल पहुंचे विवेक उपाध्याय ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि उसने टीका लगवाने के लिए 25 मई को रजिस्ट्रेशन कराया था। तीन मई की तारीख मिली थी। यहां पहुंचने पर तकनीकी गड़बड़ी बताते हुए नई तारीख दे दी गई है। कहा कि इसकी क्या गारंटी है कि नई तारीख पर भी टीका लग सकेगा।
शहजादपुर के विवेक गुप्ता को भी तीन जून की तिथि मिली थी, लेकिन बगैर कुछ कारण बताए नई तारीख दे दी गई। नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की लापरवाही से कोरोना से जंग नहीं जीता जा सकेगा। टीका लगवाने पहुंची शहजादपुर की श्वेता बंका, जलालपुर की गीता तिवारी को भी नई तारीख दे दी गई।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. हेमंत कुमार ने बताया कि पोर्टल में गड़बड़ी के चलते रजिस्ट्रेशन कराने वाले कुछ लोगों का स्लॉट बुक नहीं हो पा रहा है। इसके चलते ही उन्हें दी गई तारीख पर टीका नहीं लग पा रहा है। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।