अंबेडकरनगर। नौतपा बीत जाने के बाद भी गर्मी से राहत नहीं मिल सकी। सोमवार सुबह से शुरू होने वाली गर्मी ने पूरे दिन लोगोंं को बेहाल किए रखा। दोपहर को कड़ी धूप के चलते लोग विचलित रहे। सोमवार को तापमान 42 डिग्री रहा। 25 मई को सूर्य देवता के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने पर नौ दिनों तक भीषण गर्मी पड़ने का वैज्ञानिक और ज्योतिषियों का तर्क था, जो रविवार को पूरा हो गया, लेकिन सोमवार को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी।
नौतपा के बीत जाने के बाद भी सोमवार को सुबह से ही सूरज के तेवर तल्ख रहे। सुबह छह बजे सूरज निकलने के दो घंटे बाद ही तेज धूप लोगों को परेशान करने लगी। 10 बजे के बाद धूप की तपन और गर्म हवाओं से सड़क पर चलने वाले राहगीर परेशान नजर आए। गृहिणी गीता देवी, संगीता देवी ने बताया कि बाजारों में साप्ताहिक खरीदारी के लिए जाना था, लेकिन धूप के चलते नहीं निकल सके। घरों में लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली, बीच-बीच में बिजली कटौती लोगों की मुश्किलें बढ़ाती रही।
अस्पताल में डायरिया के बढ़े मरीज
जिला अस्पताल में पिछले एक सप्ताह से डायरिया के मरीजों में लगातार वृद्धि हुई है। पिछले सात दिनों में 1400 डायरिया के मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इनमें से चार की हालत अभी भी बेहतर नहीं है। जिला अस्पताल में इनका उपचार चल रहा है।
बोतल के पानी की बढ़ी मांग
सूर्य के तीखे रुख ने तपिश को तेज किया है तो गर्मी ने भीषण रूप ले लिया है। ऐसे में प्यास बुझाने के लिए विभिन्न तरह के ब्रांडेड शीतल पेय की मांग बढ़ी है। प्रतिदिन एक हजार कैरट खपत हो रही है। दो से ढाई लीटर वाली कैरट में नौ, एक लीटर वाली 12 और 300 मिली लीटर वाली कैरट में 24 बोतलें आती हैं। कुछ की तो उपलब्धता भी नहीं हो पा रही है।
खूब बिक रही आइसक्रीम
आइसक्रीम की मांग भी तेजी से बढ़ी है और अन्य महीनों से 50 प्रतिशत से अधिक बिक्री बढ़ गई है। शहजादपुर बाजार में आईसक्रीम विक्रेता कादिर ने बताया कि टब, ब्रिक, कप, कोन सहित दूसरी वैरायटी लोग खूब पसंद कर रहे है। रात 11 बजे तक लोग आइसक्रीम खाने के लिए घरोंं से निकल कर आने से गुरेज नहीं कर रहे।