भीटी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में बुजुर्ग महिला ने एसपी से लगाई फरियाद
अधिकारियों ने सरकारी वाहन से घर भिजवाकर विपक्षी को किया तलब
संवाद न्यूज एजेंसी अंबेडकरनगर। भीटी तहसील मुख्यालय पर चल रही जन सुनवाई में शनिवार को 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला दिखीं तो एसपी डॉ. कौस्तुभ ने उन्हें अपने पास बुला लिया। उनसे वहां आने का कारण पूछा। ठंड से कांपते हुए महिला कोराइसा ने कहा कि वह जुआ गांव की निवासी है। उसके कच्चे घर को विपक्षियों ने ढहा दिया है। सिर छिपाने के लिए घर नहीं है।
दो दर्जन से अधिक बार संपूर्ण समाधान व थाना समाधान दिवस में शिकायत दर्ज करा चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। एसपी ने फौरन पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि बुजुर्ग महिला को पुलिस वाहन से उसके घर तक पहुंचाया जाए। साथ ही जिन लोगों ने घर गिराया है या महिला को परेशान कर रहे हैं, उन्हें थाने लाकर पूरा मामला समझा जाए। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसी तरह कई अन्य फरियादियों ने ठंड के बीच अलग-अलग तहसीलों में पहुंचकर अपनी अपनी पीड़ा अधिकारियों को सुनाई।
अंबेडकर पार्क की भूमि सुरक्षित नहीं
शाहपुर औरांव निवासी बाबूलाल आलापुर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराकर बाहर निकले। टीम को बताया कि गांव में अंबेडकर पार्क के लिए लगभग पांच वर्ष पहले भूमि आरक्षित की गई थी। अब तक न तो पैमाइश हुई और न ही पार्क बन सका। चार दर्जन से अधिक बार संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत दर्ज करा चुके हैं। अन्य जिम्मेदारों को भी शिकायती पत्र सौंप चुके हैं लेकिन अब तक इसे लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा सका है।
शिकायतें बहुत, नतीजा सिफर
अकबरपुर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस में बड़ी उम्मीदों के साथ दरियापुर निवासी राजाराम ने शिकायत दर्ज कराई। कहा कि विपक्षियों ने खतौनी की भूमि पर कब्जा कर लिया है। पिछले चार वर्ष से संपूर्ण समाधान व थाना समाधान दिवस में शिकायत दर्ज करा रहे हैं। अधिकारियों से एक दर्जन से अधिक बार शिकायत दर्ज करा चुके हैं। अब तक न्याय नहीं मिल सका है। उम्मीद है कि इस बार न्याय मिल ही जाएगा।
निपटाई जा रही हैं समस्याएं
समाधान दिवसों में आने वाली समस्याओं को शीर्ष प्राथमिकता पर निपटाया जाता है। इसके बेहतर नतीजे भी सामने आ रहे हैं। अब तेजी से शिकायतों का निस्तारण कराने में सफलता मिल रही है। -डॉ. सदानंद गुप्त, एडीएम