अंबेडकरनगर। स्कूल में छात्र संख्या व 15 साल की सेवा समेत कई नए मानक पहली बार निर्धारित होने से वर्ष-2024 में राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए आवेदन करने वाले शिक्षकों की संख्या घट गई है। यही कारण है कि बेसिक शिक्षा विभाग से मात्र दो शिक्षकों ने ही इस बार राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए आवेदन किया। संबंधित दोनों शिक्षिका के नाम का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है।
जनपद में 1500 से अधिक परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इस बार राज्य अध्यापक पुरस्कार के नए मानक के अनुसार प्राथमिक विद्यालय में 150 से कम, उच्च प्राथमिक विद्यालय में 105 एवं कंपोजिट विद्यालय में 255 विद्यार्थियों से कम छात्र नामांकन नहीं होना चाहिए। यही नहीं आवेदन के लिए पहली बार केवल नियमित रूप से कार्यरत ऐसे अध्यापक-अध्यापिकाएं आवेदन के लिए पात्र किए गए, जिन्होंने 15 साल की सेवा पूरी कर ली हो। साथ ही सेवानिवृत्त होने में भी पांच साल से कम की अवधि न बची हो। वृहद दंड प्राप्त शिक्षक भी आवेदन के लिए पात्र नहीं किए गए। नए मानक में यह भी निर्धारित किया गया कि शिक्षक व्यक्तिगत ट्यूशन में संलिप्त न हो। इसके साथ ही शिक्षक की स्थानीय समुदाय में छवि अच्छी हो। इन्हीं नए प्राविधानों ने आवेदन की संख्या घटा दी। पिछले वर्ष जहां बेसिक शिक्षा विभाग से पांच शिक्षक-शिक्षिकाओं ने आवेदन किया था, इस बार मात्र दो ने ही आवेदन किया।
हुए कम आवेदन
नए मानक के कारण राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए कम आवेदन हुए। नए मानक में छात्र संख्या व 15 साल की सेवा मुख्य रहा। इस कारण आवेदन की संख्या कम हुई। - बीपी सिंह, बीएसए