जहांगीरगंज। लूट की सूचना पर पुलिस बुधवार शाम घंटों हलकान रही। जांच पड़ताल में मामला लेनदेन का निकला जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटनाक्रम जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के नरियावं सिकंदरपुर अतरौलिया रोड स्थित गुलरहा गांव का है।
बुधवार देर शाम आलापुर थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी अखिलेश कुमार ने डायल 112 कंट्रोल रूम को अपने साथ 40 हजार रुपये लूट की सूचना दी। इस पर थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल किया तो मामला रिश्तेदार के साथ लेन-देन का निकला।
थानाध्यक्ष शंभूनाथ ने बताया कि अखिलेश का जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के मखदूमपुर गांव निवासी रिश्तेदार राजन से लेनदेन का विवाद था। ढाई हजार रुपये छीनने की बात सामने आई है जिसके बाद पुलिस ने आरोपी रिश्तेदार को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ की जा रही है। (संवाद)