जानकारी के मुताबिक इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के खैरपुर गांव निवासी अब्दुल लतीफ की (20) वर्षीय नवविवाहिता पुत्री बाजबुलनिशा ने गुरुवार देर रात दुपट्टे की मदद से बड़ेर से लटककर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार भोर में परिवारीजन सोकर उठे, तो उन्होंने बाजबुलनिशा का शव लटकता देखा। गुहार पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर एसओ पवन कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और परिवारीजनों की मदद से शव को नीचे उतारा। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि महिला के शरीर के कई भागों में चोट के निशान भी थे। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि उसकी पिटाई की गई थी।
बाद में महिला की मां गरीबुन्निशां ने ससुरालजनों पर दहेज उत्पीडन करने एवं आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। एसओ ने बताया कि तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
परिवारीजनों के मुताबिक बाजबुलनिशा का विवाह बीते 17 अगस्त 2015 को इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के मखदूमनगर निवासी इम्तियाज से हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराजन उस पर दहेज कम लाने एवं गांव में स्थित एक भूखंड को इम्तियाज के नाम करने के लिए प्रताड़ित करते थे।
इसके लिए उसकी अक्सर पिटाई भी की जाती थी। आरोप है कि ससुरालजनों ने उसकी पिटाई करते हुए कहा था कि यदि भूखण्ड इम्तियाज के नाम नहीं किया, तो उसे घर से निकाल दिया जाएगा। गुरुवार शाम इम्तियाज बाजबुलनिशा को सामान सहित मायके में लाकर यह कहते हुए छोड़कर चला गया कि वह नौकरी के लिए विदेश जा रहा है।
जब वापस आएगा, तब उसे लेकर ससुराल जाएगा। गुरुवार देर रात बाजबुलनिशा ने परिवारीजनों के साथ टीवी देखा। इसके बाद परिवार के सदस्य सो गए। इस बीच महिला ने फांसी लगा ली। परिवार का आरोप है कि मायके पहुंचाने से पहले उसकी पिटाई भी की गई थी।