अंबेडकरनगर। जलालपुर तहसील के मालीपुर गांव में ईंट भट्टे पर गैर जनपद के मजदूरों को बंधक बनाकर काम कराने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भट्टे पर पहुंचकर मजदूरों को मुक्त कराया और उन्हें गृह जनपद के लिए रवाना कर दिया।
मालीपुर थाने के हाशिमपुर जिंदासपुर में ईंट भट्ठा संचालित है। यहां लखीमपुर जनपद के शारदानगर थाने के वजीरपुरवा निवासी राजकुमार अपनी पत्नी सुभाषिनी, बेटी काजल और खुशबू, मुश्ताक अपनी पत्नी मेराज बानों, पुत्र आजाद और पांच महीने के बच्चे के साथ भट्ठे पर मजदूरी कर रहे थे। एक माह पूर्व इन सभी मजदूरों को यहां लखीमपुर के नबी अहमद ठेकेदार लेकर आए थे। आरोप है कि चार दिसंबर को भट्ठा मालिक कई लोगोंं के साथ मजदूरों की झोपड़ियोंं में पहुंचे और मजदूरों से अभद्रता की। मोबाइल छीन लिया। किसी तरह मजदूरोंं ने इस घटना की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को दी। सोमवार को नायब तहसीलदार अमरनाथ द्विवेदी भट्ठे पर पहुंचे। उन्होंने सभी को मुक्त कराकर लखीमपुर के लिए रवाना कर दिया। उन्होंने बताया कि मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को दी जाएगी।