अंबेडकरनगर। जिले में हुईं दो जघन्य हत्या की वारदातें पुलिस के लिए एक अनसुलझी पहेली बनी हुई हैं। पुलिस के तमाम दावों और हाईटेक पुलिसिंग के बीच भी ये घटनाएं पुलिसिंग पर सवाल खड़े कर रही हैं। पुलिस महीनों बीतने के बाद आरोपितों का सुराग नहीं लगा पाई है। जैतपुर में हुई हत्या को इतनी सफाई से घटना को अंजाम दिया कि घटनास्थल पर कोई ऐसा साक्ष्य नहीं मिला। अकबरपुर के शहजादपुर के दोहरे हत्याकांड के आरोपी रवि के खिलाफ अपने ही पिता व भाई की हत्या का केस दर्ज हुए दो साल का लंबा वक्त गुजर जाने बाद भी पर्दाफाश नहीं हो पाया है।
-
दो अगस्त 2023 की सुबह
-अकबरपुर कोतवाली के शहजादपुर कस्बा निवासी कृष्णानंद सोनी और उनके बड़े बेटे आनंद सोनी की उनके छोटे बेटे रवि ने संपत्ति के बंटवारे के विवाद में सरिया से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने उसी दिन हत्या का केस भी दर्ज कर लिया था, लेकिन तब तक रवि पुलिस की चंगुल से दूर निकल चुका था। यही नहीं पुलिस ने उसे भगौड़ा तक घोषित कर दिया। इसके बाद भी पुलिस, स्वाट और एसटीएफ मिलकर उसे ढूंढने में नाकाम रही है।
-
चार सितंबर 2025
को जैतपुर के मुस्कुराई निवासी ऑटो चालक रामस्वरूप (50) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। तीन माह बीत जाने के बाद भी हत्यारे को पुलिस पकड़ नहीं सकी है। पुलिस की जांच की सुई हत्या के दूसरे दिन से लापता मृतक के बेटे ओंकार के इर्द गिर्द घूम रही है। उसकी लोकेशन मुंबई में मिलने के बाद जब पुलिस उसे पकड़ने मुंबई पहुंची तो उसने अपना मोबाइल बंद कर अपना ठिकाना कहीं और बना लिया।
जल्द पकड़ लिए जाएंगे आरोपी
अनसुलझी गुत्थियों को सुलझाने के लिए दिन-रात पुलिस टीमें लगी हैं। डिजिटल साक्ष्य के साथ आरोपियों को जल्द ही बेनकाब कर दिया जाएगा।
- अभिजीत आर शंकर, एसपी