अंबेडकरनगर। करवाचौथ पर्व को लेकर बाजार गुलजार हैं। शुक्रवार को पर्व से संबंधित सामग्रियों की खरीदारी के लिए दिनभर बाजारों में महिलाएं जुटी रहीं। खासकर सराफा दुकानों पर महिलाओं की खासी भीड़ रही। सोने के आभूषण के लिए बड़ी संख्या में ऑर्डर मिलने से व्यापारी भी खुश नजर आए।
रविवार को पति की दीर्घायु के लिए महिलाएं करवा चौथ पर व्रत रखेंगी। पर्व का उल्लास जिले में चहुंओर दिखने लगा है। शुक्रवार को सुबह से ही महिलाओं का नजदीकी बाजारों में खरीदारी के लिए के लिए पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। अकबरपुर नगर के शहजादपुर में सबसे अधिक भीड़ रही।
एक तरफ जहां कपड़ा व शृंगार के सामान की बढ़-चढ़कर महिलाएं खरीदारी कर रहीं हैं तो वहीं आभूषण की दुकानों पर भी लगभग पूरे दिन महिलाओं की भीड़ खरीदारी के लिए दिखाई पड़ी। शहजादपुर के युवा सराफा व्यवसायी पीयूष सेठ ने कहा कि हल्के व आकर्षक डिजाइन वाले सोने के आभूषण की मांग अधिक है। कई महिलाओं ने नेट से डिजाइन निकालकर उसी प्रकार के आभूषण का ऑर्डर दिया है। महिलाओं की मांग को देखते हुए वाराणसी व दिल्ली से ऐसे आभूषण मंगाने पड़े।
सराफा व्यवसायी अमरजीत सोनी ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से आभूषण की खरीदारी का ट्रेंड बदला है। अब भारी गहने के बजाय हल्के व आकर्षक डिजाइन वाले आभूषण की मांग बढ़ी है।
शहजादपुर में आभूषण की खरीदारी करती मिलीं पंडाटोला की अनुपमा दुबे ने कहा कि नये गहने देखने में आकर्षक हैं और हल्के भी हैं। अर्चना व साधना ने कहा कि सोने का लाॅकेट व अंगूठी खरीदी है। रोली व सरिता ने कहा कि कपड़े व आभूषण की खरीदारी कर ली है। अभी भी काफी सामान की खरीदने हैं, उन्हें शनिवार तक खरीद लेंगे। पर्व के उल्लास में किसी भी प्रकार की कमीं नहीं होने देंगे।