फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कैश का टोटा, उपभोक्ताओं ने ग्रामीण बैंक में जड़ा ताला

Wed, 30 Nov 2016 11:16 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/अंबेडकरनगर
विज्ञापन
बैंक में धन न होने के चलते गेट पर लगा ताला। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
नोटबंदी के बाद कैश की पर्याप्त उपलब्धता को लेकर स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। बड़ौदा ग्रामीण बैंक की लगभग 20 शाखाओं में बुधवार को कैश खत्म होने से 10 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को निराश हो लौटना पड़ा। इस बीच ग्रामीण बैंक की अन्नावां शाखा में कैश न होने से नाराज उपभोक्ताओं ने सुबह ही बैंक के मुख्य गेट में ताला जड़ दिया।
विज्ञापन


इसी बैंक की कुर्कीबाजार शाखा में कैश न होने से नाराज उपभोक्ताओं ने अकबरपुर-आजमगढ़ मुख्य मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीण बैंक की सम्मनपुर शाखा में दोपहर बाद कैश समाप्त होने से लोगों का आक्रोश देखते हुए बैंक कर्मियों ने खुद ही ताला बंद कर दिया और वहां से कैश लेने की बात कहकर चले गए। इस बीच शहरी व ग्रामीण दोनों क्षेत्र में भी ज्यादातर एटीएम ने उपभोक्ताओं का साथ नहीं दिया।

 अकबरपुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत कुर्कीबाजार में बड़ौदा पूर्वी उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा में कैश संकट को लेकर उपभोक्ता भड़क गए। उन्होंने बाजार में ही अकबरपुर-आजमगढ़ मुख्य मार्ग जाम कर दिया। लगभग आधा घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पहुंची पुलिस टीम ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
विज्ञापन


कटेहरी प्रतिनिधि के अनुसार चार-पांच दिन से बड़ौदा पूर्वी उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की अन्नावां शाखा में भुगतान न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं का धैर्य बुधवार सुबह उस समय जवाब दे गया, जब उन्हें पता चला कि अभी भी यहां कैश नहीं पहुंचा पाया है। नाराज उपभोक्ताओं ने मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। इससे बैंक प्रबंधक समेत कोई भी कर्मचारी अंदर प्रवेश नहीं कर सका।

काफी देर तक समझाने-बुझाने पर भी बात नहीं बनी तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके लगभग तीन घंटे बाद बैंक के कर्मचारी अंदर गए लेकिन भुगतान फिर भी नहीं हो पाया। जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार इसी बैंक की सम्मनपुर शाखा में दोपहर के आसपास कैश समाप्त हो गया। इस पर उपभोक्ता भड़क गए।

आक्रोश को भांपते हुए बैंक कर्मियों ने बाहर निकलकर शाखा में ताला बंद कर दिया और कहा कि वे सब भुगतान लेने जा रहे हैं। इसके बाद शाम तक बैंक में ताला ही बंद रहा। स्टेट बैंक व पंजाब नेशनल बैंक की जलालपुर शाखा में भी बुधवार को कैश का संकट बना रहा।

जिला मुख्यालय स्थित ग्रामीण बैंक में कैश संकट के चलते दर्जनों उपभोक्ता निराश हो उठे तो वहीं अन्य बैंकों में उम्मीदों के अनुरूप धन-निकासी नहीं हो पाई।  एलडीएम अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बैंकों में पर्याप्त कैश की उपलब्धता के लिए उच्चस्तर से ही प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। हालात पर सभी की नजर है। इसके अनुरूप जल्द से जल्द बेहतर प्रबंध के प्रयास हैं। स्थानीय स्तर पर उपलब्धता के आधार पर भुगतान किए जा  रहे हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें