अंबेडकरनगर। हंसवर थाना क्षेत्र के हीरापुर बाजार में एक ज्वेलर्स की दुकान पर नकली सोना बेचने की घटना में लापरवाही बरतने और मामले को मैनेज करने के प्रयास में दरोगा उस्मान गनी को एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया है। शिकायत पर पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से यह कार्रवाई की।
अरसलान निवासी संदहा मजगवां की हीरापुर बाजार में इरम ज्वेलर्स नाम से दुकान है। अरसलान ने बताया कि अगस्त माह में दो बार दो महिलाएं उनकी दुकान पर पहुंचीं और करीब 75 हजार रुपये का नकली सोना बेचकर चली गईं। जब वह सोना गलवाया गया, तो नकली निकला। छह सितंबर की सुबह 11 बजे दोनों महिलाएं तीसरी बार फिर से नकली जेवर लेकर दुकान पर पहुंचीं। इस बार दुकानदार ने उन्हें रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में महिलाओं ने खुद को हंसवर थाना क्षेत्र के बभनईया गांव की निवासी बताया। दुकानदार का आरोप है कि दरोगा उस्मान गनी ने दोनों महिलाओं पर केस दर्ज करने के बजाय सुलह करवा देने की कोशिश की।उन्होंने कहा कि 50 हजार रुपये दिलवा देंगे, जिसमें से 25 हजार दो दिन में और बाकी रकम एक सप्ताह में मिलेगी। जब अरसलान ने सुलह से इनकार करते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की, तो दरोगा उल्टा उसी पर सवाल उठाने लगे। उससे जीएसटी नंबर, पक्का बिल आदि की मांग कर डराने का प्रयास किया गया।
एसपी से की शिकायत, तत्काल कार्रवाई
व्यापारी ने इस व्यवहार की शिकायत पुलिस अधीक्षक केशव कुमार से की। जांच के बाद एसपी ने मामले में लापरवाही और अनुचित आचरण पाए जाने पर दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार का कहना है कि केस दर्ज करने में लापरवाही और अनुचित आचरण सामने आने पर दरोगा उस्मान गनी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले की जांच आगे भी जारी रहेगी।