मौसम सुहावना होने पर शाम को पार्क में मस्ती करते बच्चे।संवाद
अंबेडकरनगर। जिले में रविवार को दिनभर बादल की आवाजाही लगी रही। कभी बदली तो कभी धूप के खेल में पूरा दिन लोग भीषण गर्मी से बेहाल रहे। कहीं-कहीं हवा चलने से लोगों को गर्मी से कुछ देर की राहत जरूर मिली लेकिन बारिश न होने से उमस बढ़ गई है। हालांकि बीते दिनों के मुताबिक तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
रविवार को मौसम में बार-बार बदलाव की स्थिति रही। कभी काले बादल छाए तो कुछ देर बाद धूप निकल आई। नमी की अधिकता के कारण दिन चढ़ते ही उमस ने असर दिखाना शुरू कर दिया। धान की रोपाई के लिए पर्याप्त नमी की जरूरत बनी हुई है। किसानों को उम्मीद थी कि इस सप्ताह तक अच्छी बारिश हो जाएगी, लेकिन वर्षा नहीं हुई। खेतों में बोआई की प्रक्रिया धीमी गति से चल रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, जिले का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वायुमंडल में आर्द्रता का स्तर 78 प्रतिशत रहा। बढ़ती उमस से लोग बीमार पड़ रहे हैं। चिकित्सकों ने नागरिकों को सतर्क रहने, पर्याप्त पानी पीने और दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी है। जहांगीरगंज क्षेत्र में रविवार को पूरे दिन तेज धूप बनी रही। मौसम पूरी तरह से साफ रहा और बादलों की कोई सक्रियता नहीं देखी गई। भीटी क्षेत्र में बादलों व धूप की आवाजाही रही। जलालपुर में कभी बदली तो कभी धूप रही लेकिन बारिश नहीं हुई।
विद्युतनगर क्षेत्र में मौसम एकदम साफ रहा। यहां तेज धूप के कारण गर्मी और उमस बनी रही। राजेसुल्तानपुर में बदली छाई रही, बीच-बीच में कुछ देर के लिए धूप भी निकलती। मौसम बार-बार बदलता रहा परंतु वर्षा नहीं हुई। कटेहरी क्षेत्र में भी मौसम मिला-जुला रहा। आलापुर क्षेत्र में बादलों और धूप की लगातार आवाजाही देखी गई। दिन के अधिकांश समय बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई।