.अहिरौली के भिउरा गांव में पहुंचे कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर। संवाद
कटेहारी (अंबेडकरनगर)। अहिरौली के भिउरी गांव में किशोरी की आत्महत्या के मामले में पिता ने एसपी से मुलाकात कर प्रार्थनापत्र दिया, जिस पर उन्होंने जांच कराने की बात कही है। वहीं रविवार को कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पीड़ित परिवार का हाल जानने के लिए पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। मृतका के पिता ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की, जिस पर मंत्री ने हर संभव मदद मुहैया कराने का आश्वासन दिया।
बता दें कि बीते बुधवार को भिउरा गांव के प्राथमिक विद्यालय में गाजीपुर के छतरपुर निवासी प्रिंस कुमार कुशवाहा व नोनहरा के आरो लालापुर निवासी मुकेश पासवान में शव मिल थे। बृहस्पतिवार को पुलिस ने सतीश व अहिरौली क्षेत्र के एक किशोर को हिरासत में लिया था। साथ ही भिउरा गांव की तीन किशोरियों को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया था। तीनों किशोरी से सख्ती से पूछताछ करने के बाद देर रात करीब एक बजे पुलिस तीनों किशोरियों को उनके घर पर परिजनों के सुपुर्द कर दिया था।
शुक्रवार सुबह इनमें से एक 16 वर्षीय किशाेरी ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतका के माता-पिता के अलावा पूछताछ के लिए बुलाई गईं दो अन्य किशोरियां पुलिस पर लगातार प्रताड़ना के आरोप लगा रही हैं। इसकी लिखित शिकायत भी की, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी अब तक न तो जांच शुरू हो पाई और न ही कोई मुकदमा दर्ज हुआ है।
मृतका के पिता ने शनिवार देर शाम एसपी केशव कुमार से भी मुलाकात की। एसपी ने उन्हें जांच कराने का आश्वासन दिया है। वहीं पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर रविवार शाम को पीड़ित परिवार से मुलाकात करने के लिए गांव पहुंचे। मंत्री के सामने मृतका के पिता का दुख छलक पड़ा। उन्होंने दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। इस बीच पूछताछ के लिए ले जाई गई दो अन्य किशोरियों से भी पूरे प्रकरण पर जानकारी ली, जिसमें उन्होंने पर पुलिस पर मारपीट करने समेत कई अन्य गंभीर आरोप लगाए। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पीड़ित परिवार से प्रार्थनापत्र ले लिया गया है, जांच कराई जाएगी।