अंबेडकरनगर। जहांगीरगंज इलाके में दिनदहाड़े असलहे के बल पर कथित अपहरण की वारदात का पुलिस ने शुक्रवार को पटाक्षेप कर दिया है। शिक्षक से प्रेमी बने युवक निसार खां को पुलिस ने शुक्रवार को बिडहर बाजार से गिरफ्तार कर लिया। साथ घटना को अंजाम देने में प्रयोग की गई कार को भी बरामद किया।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्याम देव ने बताया कि जहांगीरगंज के एक गांव के पूर्व प्रधान की 22 साल की बेटी सात अगस्त दोपहर तीन बजे के करीब अपनी चार बहनों के साथ बाजार में खरीदारी करने जा रही थीं। परिवार के लोगों का आरोप था कि सफेद कार से आए बदमाश असलहे के दम पर युवती का अपहरण कर ले गए हैं। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। युवती के मोबाइल नंबर की जांच करने पर एक नंबर संदिग्ध निकला, जिस पर उसकी लंबी बात होती थी। पुलिस ने जब उसकी कुंडली खंगाली तो वह नंबर इस्लामिया उलुम नेवरी दुराजपुर मदरसे के शिक्षक निसार खां का निकला। शुक्रवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मंसूरपुरगंज मोड के बिडहर बाजार पर दबिश देकर संतकबीरनगर के धनघटा थाने के पोखर भिटवा निवासी मदरसा शिक्षक निसार खां को गिरफ्तार कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि युवती से उसका प्रेम संबंध करीब पांच साल से चल रहा है। दोनों परिवारों का एक दूसरे के घर पर आना जाना था। शुक्रवार को युवती ने ही उसे फोन कर अपने पास बुलाया था। उसके वहां पहुंचने पर कार में बैठकर दोनों भाग निकले थे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से उसे जेल रवाना कर दिया गया। युवती को मेडिकल परीक्षण व बयान के लिए भेजा गया है।
दो बच्चों का पिता है निसार
निसार खां की उम्र करीब 40 वर्ष है, जबकि युवती की उम्र अभी सिर्फ 22 वर्ष ही है। निसार खां शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है। इसके बाद भी उसने युवती का अपहरण करने की साजिश रची थी। बताया जा रहा है कि युवती इसी मदरसे में पढ़ती थी जहां निसार खां शिक्षक था। पढ़ाते-पढ़ाते वह युवती के करीब आ गया था और दोनों में प्यार हो गया।