अंबेडकरनगर। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्तर पुस्तिकाओं का प्रारूप बदला जाएगा। नई व्यवस्था के तहत उत्तर पुस्तिकाओं पर अब दो की जगह एक ही मुख्य कवर पेज होगा। इसी पृष्ठ पर परीक्षा से संबंधित विवरण और परीक्षक की ओर से दिए गए अंकों का ब्योरा दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा उत्तर पुस्तिकाओं के रंग अलग-अलग होंगे और उन पर क्यूआर कोड भी अंकित रहेगा। इससे कॉपियों की पहचान आसान होने के साथ ही उनके स्थान पर दूसरी उत्तर पुस्तिका के इस्तेमाल जैसी गड़बड़ियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
जिले के 369 माध्यमिक विद्यालयों से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 67,119 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल के 35,984 और इंटरमीडिएट के 31,135 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को देखते हुए परीक्षा केंद्रों के निर्धारण और उत्तर पुस्तिकाओं की उपलब्धता को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। बोर्ड ने केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसकी समय-सारिणी भी घोषित कर दी गई है। इस बार पांच फरवरी से बोर्ड परीक्षा प्रस्तावित है।
पिछले वर्ष बने थे 114 केंद्र
पिछले वर्ष जिले में 114 परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड परीक्षा आयोजित कराई गई थी। इसमें 71,398 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इस बार भी लगभग इतने ही केंद्र बनाए जाने की तैयारी है। केंद्रों का निर्धारण विद्यालयों की उपलब्धता, परीक्षार्थियों की संख्या और निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाएगा।
बोर्ड के निर्देशों के अनुसार होगी तैयारी
जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से उत्तर पुस्तिकाओं के प्रारूप में बदलाव किया जा रहा है। बोर्ड से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा की तैयारियां सुनिश्चित की जाएंगी। केंद्र निर्धारण से लेकर अन्य व्यवस्थाओं को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप अंतिम रूप दिया जाएगा।