अंबेडकरनगर। नवरात्र व दीपावली पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए डीएम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने अभियान चलाकर दूध, मखाना, मिल्क केक व किशमिश का नमूना लिया। पांच किग्रा खराब मिठाई व सात दर्जन गला केला नष्ट कराया। संबंधित दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि जांच में मिलावटी खाद्य पदार्थ की बिक्री होती मिला तो कार्रवाई की जाएगी।
किसी भी पर्व के निकट आते ही मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री में तेजी आ जाती है। इस पर अंकुश लगाने के लिए शासन से समय-समय पर दिशा निर्देश जारी होते रहते हैं। नवरात्र व दीप पर्व को देखते हुए जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम को अभियान चलाकर जांच का निर्देश दिया। जिला अभिहित अधिकारी राजवंश श्रीवास्तव व मुख्य खाद्य अधिकारी केके उपाध्याय के नेतृत्व में सोमवार को टीम ने सघन जांच अभियान चलाया।
निबियहवा पोखरा के निकट से दूध विक्रेता मनीष यादव से दूध का नमूना लिया। इसके बाद टीम ने बसखारी बाजार स्थित बंगाली मीनाक्षी मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया। मिलावट के संदेह में मिल्क केक का नमूना लिया। पांच किग्रा दूषित मिठाई नष्ट भी कराई। चेतावनी दिया कि साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। बसखारी सब्जी मंडी स्थित संजय जायसवाल की किराना की दुकान से मिलावट के संदेह में हमारा मेट्रो ब्रांड का मखाना का नमूना लिया गया।
बसखारी आजमगढ़ रोड पर अर्ध सैनिक कैंटीन का निरीक्षण कर किशमिश का नमूना लिया। टीम ने नेवादा बाजार पहुंचकर फल की दुकानों का निरीक्षण कर जरूरी दिशा निर्देश दिए। सात दर्जन गला केला नष्ट कराया। टीम में रत्नाकर पांडेय, शैलेंद्र कुमार पांडेय, चित्रसेन, गुलाबचंद्र गुप्ता शामिल रहे।