सद्दरपुर। महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी विभाग को एक और देहदानी ने रविवार को अपना शरीर दान किया है। टांडा क्षेत्र के मखदूम सराय निवासी दिवंगत किसान रामआसरे की देह उनके पौत्र सुनील कुमार वर्मा ने कॉलेज को सौंपी। परिजनों ने देहदान के नियमों के तहत सहमति का शपथ पत्र दिया। दिवंगत रामआसरे ने परिजनों से देह दान की इच्छा जताई थी।
यह मेडिकल कॉलेज को मिला दूसरा देहदान है। इससे पहले 34 लोगों ने अपनी इच्छा से देहदान के लिए पंजीकरण कराया है। मृत शरीर मिलने से मेडिकल की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को सीखने में सुविधा होगी। कॉलेज के प्रधानाचार्य मुकेश यादव व एनाटॉमी विभाग के अध्यक्ष संदीप कुमार शर्मा के प्रयासों से यह संभव हुआ। विभाग के संकाय सदस्यों ने भी इसमें सहयोग किया। कुछ माह पूर्व एनाटॉमी विभाग ने देहदानी सम्मान समारोह व जागरूकता अभियान शुरू किया था। इसके बाद आमजन में शरीर दान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो रही है।
देहदान एक पुनीत कार्य
प्राचार्य ने बताया कि देहदान एक बड़ा पुनीत कार्य है। लोगों को इस कार्य के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। यह महादान चिकित्सा जगत के लिए एक अमूल्य उपहार है। यह भावी चिकित्सकों के प्रशिक्षण और शोध कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।